'DM अंकल, मुझे ट्राई साइकिल दिलवा दीजिए...' एक पैर से कूदकर स्कूल जाती रागिनी की भावुक अपील, अब प्रशासन ने किया बड़ा ऐलान

अनिल अकेला

• 11:18 AM • 02 Sep 2026

UP Handicapped Girl School Viral Video: यूपी के बलिया में 7 साल की मासूम रागिनी का एक पैर से कूदकर स्कूल जाने का वीडियो वायरल हुआ है. बचपन में एक हादसे के कारण उसका एक पैर पूरी तरह खराब हो गया था. रागिनी की भावुक गुहार पर बलिया डीएम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

बलिया की रागिनी एक पैर से जाती है स्कूल
बलिया की रागिनी एक पैर से जाती है स्कूल
Google CTA

Ballia Ragini Viral Video News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाली और हौसले से भरी तस्वीर सामने आई है. रानीपुर गांव की रहने वाली 7 साल की मासूम रागिनी, जिसका एक पैर बचपन में हुए एक दर्दनाक हादसे में पूरी तरह खराब हो गया था, वह रोज एक पैर के सहारे कूदते हुए अपने स्कूल का सफर तय करती है. सोशल मीडिया पर रागिनी की भावुक अपील और उसके संघर्ष का वीडियो वायरल होने के बाद बलिया के जिलाधिकारी (DM) ने तुरंत संज्ञान लिया और मदद का हाथ बढ़ाया.

Read more!

'डीएम अंकल मुझे साइकिल दिलवा दीजिए' -रागिनी

वायरल वीडियो में रागिनी अपनी तोतली जुबान में बलिया के डीएम से गुहार लगाती दिखती है कि "डीएम अंकल मुझे ट्राई साइकिल दिलवा दीजिए ताकि मैं आसानी से स्कूल जा सकूं." रागिनी के घर से सरकारी स्कूल की दूरी करीब 400 मीटर है. एक पैर से चलने की वजह से रागिनी के लिए यह दूरी बेहद कष्टदायक होती है. रास्ते में थक जाने पर वह जमीन पर बैठ जाती है, आंसू छलक पड़ते हैं, लेकिन पढ़ने की जिद उसे फिर से उठ खड़ा करती है.

6 महीने की उम्र में हादसे ने छीना था पैर

रागिनी की मां बबीता ने बताया कि जब रागिनी महज 6 महीने की थी, तब वे उसे दवा दिलाने जा रही थीं और रास्ते में दुर्घटना हो गई. इस हादसे में रागिनी का पैर बुरी तरह डैमेज हो गया. आर्थिक तंगी के कारण परिवार किसी बड़े अस्पताल में उसका बेहतर इलाज नहीं करा सका. मां ने रोते हुए बताया कि जब गांव के अन्य बच्चे बस्ता लेकर स्कूल जाते थे तो रागिनी रोने-चीखने लगती थी, क्योंकि वह भी पढ़ना चाहती थी. इसके बाद एक पैर की लाचारी के बावजूद उसने स्कूल जाना शुरू कर दिया.

यह पढ़ें:  IAS दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर के जिस गांव में घर-घर पहुंचाया था पानी, इस्तीफे पर वहां के लोगों ने दिया ऐसा रिएक्शन

बलिया डीएम का 24 घंटे में मदद का ऐलान

वीडियो वायरल होने के बाद बलिया के जिलाधिकारी ने मामले पर तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी की टीम को गांव भेजा. डीएम ने कहा कि बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आज ही (24 घंटे के भीतर) उसे आवश्यक दिव्यांग उपकरण और ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा बच्ची के घर के लिए शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं की सुविधाएं भी तत्काल प्रभाव से मुहैया कराई जाएंगी.

यह भी पढ़ें: कौन हैं कांस्टेबल संदीप यादव, जिन्होंने देसी अंदाज में सुलझाया खेत की मेड़ का विवाद? अब वीडियो हो रहा वायरल