Ballia CRPF Jawan Murder Case: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां इसी साल सीआरपीएफ से वीआरएस लेकर लौटे रिटायर्ड जवान अमरेंद्र सिंह की पड़ोसी परिवार ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस हमले में अमरेंद्र सिंह का छोटा भाई मंजेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में वेंटिलेटर पर रखा गया है.
ADVERTISEMENT
गाली-गलौज का विरोध करने पर पूरे परिवार ने मिलकर किया हमला
घटना उभांव थाना क्षेत्र के दोथ सोनाडी गांव की है. अमरेंद्र सिंह अपने डेयरी फार्म पर सो रहे थे, तभी पड़ोसी गिरीश सिंह, उसकी पत्नी शीला, बेटी और दोनों बेटे करण व सूरज वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. जब अमरेंद्र ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन्हें जमीन पर पटककर पीटा और पेट में चाकू से ताबड़तोड़ कई हमले किए. अमरेंद्र को बचाने पहुंचे उनके छोटे भाई मंजेश पर भी आरोपियों ने खंजर से हमला कर दिया.
अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
दोनों भाइयों को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान अमरेंद्र सिंह की मौत हो गई. मृतक की बेटी ने रोते हुए आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी करण पॉक्सो एक्ट में दो महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था और वारदात के समय महिला शीला सिंह साड़ी में खंजर छिपाकर लाई थी. परिजनों ने पुलिस की ढिलाई पर सवाल उठाते हुए शव को घर पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के एनकाउंटर व उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की.
पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया, मुख्य आरोपी फरार
मृतक अमरेंद्र सिंह इसी साल 31 मार्च को सीआरपीएफ से 20 साल की सेवा के बाद वीआरएस लेकर घर लौटे थे. उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरीश की पत्नी शीला, बेटी और एक बेटे को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी करण और उसका पिता गिरीश फरार हैं. गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.
ADVERTISEMENT


