Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन से लेकर स्थानीय लोगों तक को चौंका दिया है. यहां एक युवती की शादी को अभी महज डेढ़ महीना ही बीता था कि उसने पुलिस थाने में ही एक बच्चे को जन्म दे दिया. घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच हड़कंप मच गया, जिसके बाद आनन-फानन में जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ADVERTISEMENT
गुजरात से लौटे पति के उड़े होश, डेढ़ महीने बाद मिली प्रसव की खबर
जानकारी के मुताबिक, सुबेहा थाना क्षेत्र के रहने वाले सूरज की शादी 20 जून 2026 को शिवानी नाम की युवती से हुई थी. शादी के करीब 10 दिन बाद ही सूरज काम के सिलसिले में गुजरात के अहमदाबाद चला गया था. इसी बीच करीब डेढ़ महीने बाद उसके परिजनों ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी पत्नी गर्भवती है और कभी भी प्रसव हो सकता है. यह सुनते ही सूरज के होश उड़ गए और वह तुरंत गांव वापस लौट आया.
प्रेमी और जबरदस्ती के आरोपों में उलझी कहानी
पति सूरज का आरोप है कि उसकी पत्नी का गांव के ही रहने वाले बबलू नाम के एक शख्स के साथ प्रेम संबंध था और वह शादी के पहले से ही गर्भवती थी. सूरज का दावा है कि विवाद के दौरान आरोपी पक्ष ने 40 से 50 हजार रुपये देकर मामला शांत कराने की भी कोशिश की. वहीं दूसरी ओर, पत्नी शिवानी का कहना है कि उसके साथ आरोपी युवक ने घर पर अकेला पाकर जबरदस्ती की थी, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई थी.
यह पढ़ें: प्रेमी की बात मानकर किन्नर ने करवाया लिंग परिवर्तन, फिर गंवा दिया सबकुछ, जानें क्या है पूरा मामला
सुबेहा थाने में सुनवाई के दौरान हुआ प्रसव, मचा हड़कंप
मामले की शिकायत और आईजीआरएस कंप्लेंट के बाद दोनों पक्षों को सुबेहा थाने में बातचीत और जांच के लिए बुलाया गया था. इसी दौरान थाना परिसर में ही महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही थाना परिसर स्थित मंदिर के पास महिला ने एक बच्चे को जन्म दे दिया. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर मां और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ से उन्हें जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. थाना प्रभारी के मुताबिक फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'मैं शादी कर रही हूं और प्रेग्नेंट हूं...' मैसेज भेजकर गायब हुई सुशीला, फिर उसके साथ बहुत बुरा हुआ
ADVERTISEMENT


