उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासत में नए समीकरण बनने लगे हैं. AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर तीसरा मोर्चा बनाने का ऐलान किया है. आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने इसे सिर्फ चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की पहल बताया है.
ADVERTISEMENT
आजतक के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल गठबंधन के दरवाजे किसी भी पार्टी के लिए बंद नहीं हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी साथ आना चाहें तो उनका स्वागत है.
बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर सरकार को घेरा
चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश की मौजूदा स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले भी कमजोर वर्गों का शासन देख चुकी है. पिछले कुछ वर्षों में पिछड़े और कमजोर तबकों की जिंदगी में कितना बदलाव आया है, इसका अंदाजा जमीन पर जाकर लगाया जा सकता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार से बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे जाते हैं तो जवाब में धर्म के खतरे की बात शुरू हो जाती है.
चंद्रशेखर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की करीब 25 करोड़ आबादी के भविष्य की चिंता होनी चाहिए. खासकर युवाओं के रोजगार और उनके बेहतर भविष्य पर चर्चा जरूरी है. किसानों को गन्ने का सही दाम मिल रहा है या नहीं, महिलाओं को रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिल रहा है या नहीं, इन सवालों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए.
जातिगत अत्याचार और महिला सुरक्षा पर भी उठाए सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने गरीबों के साथ होने वाले अन्याय और जातिगत अत्याचार का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि रेप और हत्या जैसी घटनाओं पर भी सरकार से जवाब मांगा जाना चाहिए.
उनका कहना है कि प्रदेश की राजनीति में इन मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए. केवल धार्मिक मुद्दों पर चर्चा करके जनता की बुनियादी समस्याओं से बचा नहीं जा सकता.
बीजेपी को हराने के लिए मजबूत गठबंधन जरूरी
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विपक्षी दल लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजेपी को हराने में सफल नहीं रहे हैं. ऐसे में बीजेपी को चुनौती देने के लिए मजबूत गठबंधन बनाना जरूरी है.
उन्होंने पुराने राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठाए. चंद्रशेखर के मुताबिक, अगर पुरानी पार्टियां वास्तव में विकल्प होतीं तो बीजेपी को चुनाव में हरा चुकी होतीं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एक नए राजनीतिक विकल्प की जरूरत है.
सपा और कांग्रेस के लिए भी खुले हैं दरवाजे
तीसरे मोर्चे के ऐलान के बावजूद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की संभावनाओं को सीमित नहीं किया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए भी उनके दरवाजे खुले हैं.
अगर दोनों पार्टियां साथ आना चाहती हैं तो मिलकर चुनाव लड़ा जा सकता है. चंद्रशेखर ने दावा किया कि उनका गठबंधन युवाओं को रोजगार दिलाने और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर काम करेगा.
अब देखना होगा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यह तीसरा मोर्चा किस तरह अपना राजनीतिक आधार तैयार करता है और क्या सपा-कांग्रेस के साथ आने की कोई संभावना बनती है.
ADVERTISEMENT


