Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दहेज की मांग के बीच एक विवाहिता के छत से गिरकर मरने की खबर आई है. 6 महीने पहले ही आकृति की शादी हुई थी. पिता ने जिस बेटी को बड़े नाज से पाला था उसे बड़ी उम्मीदों के साथ घर से विदा किया. बताया जा रहा है कि संदिग्ध मौत से पहले आकृति ने मायके में कॉल कर बताया था कि उसे परेशान किया जा रहा है कि ससुराल वाले उसकी जान लेना चाहते हैं. इस खबर ने गाजियाबाद के मुरादनगर को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
मुरादनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली आकृति की शादी करीब छह महीने पहले गौरव पुत्र रमेश से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में 30 लाख रुपए और स्कॉर्पियो एन गाड़ी की डिमांड की जा रही थी. मृतका के भाई प्रभात द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार मांग पूरी नहीं होने पर आकृति के ससुराल और मायके पक्ष में विवाद हुआ. इसके बाद फिर आकृति और गौरव ने 23 मार्च 2026 को गाजियाबाद रजिस्ट्रार कार्यालय में कोर्ट मैरिज कर ली.
7 सितंबर की रात में क्या हुआ था?
आकृति के मायके वालों के अनुसार 7 सितंबर रात 9 बजे के करीब आकृति ने फोन किया. उसने बताया कि दहेज के 30 लाख रुपए और स्कॉर्पियो N की खातिर पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननदें मारपीट कर रही हैं. वे उसे जान से मार देंगे. वे जान लेने की कोशिश कर रहे हैं. इधर आकृति का फोन कटने के बाद ससुराल वालों ने उसके मायके फोन करके बताया कि वो छत से गिर गई है. वे उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं.
परिजन भी आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे. यहां इलाज के दौरान 10 सितंबर को आकृति की मौत हो गई. मायके वालों ने थाने में तहरीर दी उसके मुताबिक आकृति ने पहले भी ससुराल वालों के चोरी-छिपे फोन कर बताया था कि वे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. उसने ये भी बताया कि वे उसे और उसके मायके वालों को धमकी दे रहे हैं.
आकृति की संदिग्ध मौत के बाद भाई ने दर्ज कराया केस
इसके बाद मृतका के भाई प्रभात की तहरीर पर मुरादनगर थाने में पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज के अलावा ननद नेहा और सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80, 85, 115(2), 352 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच एसीपी सुनील कुमार की निगरानी में हो रही है.
ऐसे पकड़ा गया पति गौरव
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर मृतका के पति गौरव को मुरादनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गौरव ने शादी के बाद दहेज नहीं मिलने को लेकर नाराजगी और 30 लाख रुपये के अलावा स्कॉर्पियो-एन की मांग वाली बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, उसने पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात भी पूछताछ में बताई है.
कैसे हुई आकृति की मौत?
अब सवाल ये है कि आकृति की मौत कैसे हुई और इसके पीछे जिम्मेदार कौन है ? पुलिस के मुताबिक विवाहिता की मौत कैसे हुई ये जांच के बाद ही पता चलेगी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है.
ADVERTISEMENT


