झांसी: सरकारी टीचर रवि यादव बना किडनैपर? पुलिस लिखी कार से व्यापारी को उठाया, जानें आखिर ऐसा करने की क्या थी वजह

Jhansi Ravi Yaduvanshi Jhansi Teacher Case: झांसी के सीपरी बाजार में मामूली विवाद के बाद सरकारी शिक्षक रवि यादव और उसके साथी ने पुलिस लिखी कार से व्यापारी विकास गुप्ता का अपहरण कर लिया. सूचना मिलने पर झांसी पुलिस और स्वाट टीम ने 7 घंटे के भीतर घेराबंदी कर अपहृत व्यापारी को सकुशल मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

झांसी में सरकारी शिक्षक ने व्यापारी का किया किडनैप.
झांसी में सरकारी शिक्षक ने व्यापारी का किया किडनैप.
Google CTA

Jhansi Government Teacher Kidnapped Merchant: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में दबंगई और कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शराब के नशे में हुई मामूली कहासनी के बाद सरकारी शिक्षक ने अपने साथी के साथ मिलकर एक व्यापारी को जबरन कार में डालकर किडनैप कर लिया. वारदात में इस्तेमाल की गई कार पर बड़े-बड़े अक्षरों में 'पुलिस' लिखा हुआ था. हालांकि, आरोपियों की यह रंगबाजी ज्यादा देर नहीं चल सकी और झांसी पुलिस ने महज 7 घंटे के अंदर अपहृत व्यापारी को सकुशल बरामद कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया.

Read more!

मामूली कहासनी के बाद शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम

घटना 6 सितंबर की रात की है, जब व्यापारी विकास गुप्ता इलाइट चौराहे से लौट रहे थे. अटल चौक के पास एक्सीडेंटल कार देखकर विकास ने किसी जान-पहचान वाले की मदद के इरादे से अपनी गाड़ी रोकी. वहां पहले से कार में मौजूद रवि यादव और विनय यादव से जब उन्होंने हादसे की जानकारी लेनी चाही, तो नशे में धुत आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मारपीट करते हुए विकास गुप्ता को अपनी कार की पिछली सीट पर जबरन बिठा लिया और अगवा कर फरार हो गए.

पुलिस और स्वाट टीम ने 7 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार

रात करीब 10:30 बजे यूपी 112 के माध्यम से अपहरण की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम तुरंत हरकत में आई. कार का नंबर ट्रेस कर पुलिस लगातार आरोपियों की लोकेशन ट्रैक करती रही. लगभग 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार को घेरकर व्यापारी विकास गुप्ता को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी रवि यादव व विनय यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

यह पढ़ें: बाथरूम में मिली थी M.sc की छात्रा श्रेया उपाध्याय की सड़ी-गली लाश, अब पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी, जानें उसने क्यों मारा?

सरकारी टीचर निकला आरोपी, पिता यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रवि यादव एक सरकारी शिक्षक है. उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में महोबा जिले में तैनात बताए जा रहे हैं. वहीं, वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार हरेंद्र नाम के एक सिपाही की बताई जा रही है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि सिपाही की कार पर 'पुलिस' लिखवाकर उसका किस अधिकार से इस्तेमाल किया जा रहा था. दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: प्यार के लिए धर्म बदलकर आसमा बनी सपना, फिर पति गजेन्द्र पर ही लगा उसकी हत्या का आरोप! जानें आखिर क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?