यूपी के झांसी में एक ऐसी घटना हो गई जिसने हर किसी को झकझोर दिया. पिता ने बड़े धूमधाम से जिस बेटी की शादी 15 महीने पहले की थी अब उसका शव फंदे से लटका मिला है. शादी 14 फरवरी 2025 को वैलेंटाइन डे पर हुई थी. पिता ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज करा दिया है. बेटी की मौत से बेहद आहत हो चुके पिता ने साफ कहा- ''यदि प्रशासन इन दहेजलोभियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करता है तो उसे खुद मजबूर होकर कानून को अपने हांथ में उठाकर उन्हें सजा दूंगा.''
ADVERTISEMENT
26 साल की मृतका प्रिया मिश्रा के पिता विनोद मिश्रा झांसी के नवाबाद थाना इलाके के शिवाजी नगर के रहते हैं. प्रिया की 14 फरवरी 2025 को समथर थाना इलाके के भरत व्यास से बड़ी धूमधाम से शादी हुई थी. प्रिया का पति कांग्रेस छात्र संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है. पिता विनोद मिश्रा के मुताबिक उन्होंने हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी में दान दहेज दिया था. इसके बाद भी अक्सर उनसे अतिरिक्त दहेज में 5 लाख रुपए की मांग की जाती थी. न देने पर बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था. पिता विनोद मिश्रा ने बताया कि बेटी ने एक दो बार ससुराल वालों की प्रताड़ना के बारे में बताया था.
आधी रात बेटा का आयो कॉल, सुबह मौत की खबर मिली
विनोद मिश्रा ने बताया कि उन्हें 1 जून को खबर मिली कि प्रिया ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना पर परिजन पहुंचे तो हालात देखकर उन्होंने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही प्रिया को दहेज कम मिलने के ताने दिए जाने लगे थे. आरोप है कि पति और सास-ससुर द्वारा दहेज की खातिर उसका उत्पीड़न भी किया जाता था. यह बात प्रिया ने परिजनों को बताई भी थी, लेकिन परिजन उसे समझाकर शांत करा देते थे. प्रिया ने 31 मई की रात लगभग 12 बजे अपने पिता को कॉल भी किया था, लेकिन नींद में होने के कारण वह फोन अटेंड नहीं कर सके. सुबह ज़ब कॉल किया तो उसकी मौत की खबर मिली.
ससुराल वालों ने बताया नहीं, फोन करने पर पता चला- पिता
पिता विनोद मिश्रा कहते हैं कि उनकी लड़की को मारा गया है. बेटी की मौत हो गई इस बात की सूचना तक ससुराल वालों ने नहीं दी. जब पिता ने बेटी को फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद दामाद को फोन लगाया तो पता चला कि प्रिया ने फांसी लगा ली है. जब हम ससुराल पहुंचे तो बेटी के गले में फंदा था और वो बेड पर बैठी हुई थी. जैसा हमने देखा उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे मारकर लटकाया गया है.
पिता ने खुले शब्दों में कहा- ''हमने मामला दर्ज करा दिया है. प्रशासन से मांग करता हूं कि दहेजलोभियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए. यदि प्रशासन हमारी मांग को पूरा नहीं करता है तो मुझे मजबूर होकर कानून को अपने हांथ में उठाना पड़ेगा और बेटी के हत्यारों को सजा दूंगा, चाहे मुझे फांसी क्यों न हो जाए.''
जब इस मामले में मोंठ पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय श्रोत्रीय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया गया है. साथ ही पिता की शिकायत पर पति भरत व्यास, सास रोहिणी, देवर उदय व्यास, ताऊ राजेश व्यास और भरत की मौसी के खिलाफ धारा 85, 80, 3, 4 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT


