Sapna Alias Asma Murder Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. करीब 2 महीने पहले जिस प्यार के लिए 29 वर्षीय आसमा ने अपना धर्म बदलकर सपना नाम रखा और गजेंद्र संखवार के साथ कोर्ट मैरिज की, उसी पति ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली. घटना अकबरपुर में आरटीओ कार्यालय के पास नेहरू नगर वार्ड स्थित एक किराए के मकान की है, जहाँ दोनों रह रहे थे.
ADVERTISEMENT
लोहे की रॉड से सिर पर किया ताबड़तोड़ वार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे सपना अपने मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी. इसी दौरान पति गजेंद्र की नजर उस पर पड़ी और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर गजेंद्र ने घर में रखी लोहे की रॉड उठाई और सपना के सिर पर जोरदार वार कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल सपना खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और तड़पने लगी.
आरोपी पति ने खुद 112 पर फोन कर दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गजेंद्र मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि उसने खुद आपातकालीन नंबर 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में सपना को जिला अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
फोन कॉल और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पति गजेंद्र संखवार को हिरासत में ले लिया है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 2 महीने पहले ही दोनों ने माती कोर्ट में शादी की थी और घरेलू विवाद के चलते उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल्स और घरेलू कलह की मुख्य वजहों की गहनता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: यह भी पढ़ें: बाराबंकी: शादी के 10 दिन बाद गुजरात गया पति, फिर 45 दिन बाद मिली पत्नी के मां बनने की खबर, लौटा तो सामने आई पूरी कहानी
ADVERTISEMENT


