Shiv Sharma Death Case: लखनऊ के हजरतगंज में कैफे संचालक शिव शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई इस मौत को लेकर उनकी मां ने बेटे की गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां का दावा है कि शिव को ब्लैकमेल किया जाता था और दोबारा जेल भेजने की धमकी दी जाती थी. शव पर चोटों के निशान, फ्लैट से सेक्स वर्धक दवाएं, टॉयज और दोनों के बीच हुई चैट्स ने मामले को और उलझा दिया है.
ADVERTISEMENT
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की शुरुआती जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया है. पुलिस अब अपार्टमेंट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दुर्घटना थी या कोई गहरी साजिश.
मां ने गर्लफ्रेंड और उसके साथियों पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक कारोबारी की मां रंजना शर्मा ने अपनी शिकायत में गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मी और ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. मां का आरोप है कि उनका बेटा पिछले चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. मां ने दावा किया है कि श्रद्धा लगातार उनके बेटे को परेशान करती थी, उसके साथ मारपीट करती थी और उसे नेताओं, शीर्ष ब्यूरोक्रेट्स व क्रिकेट खिलाड़ियों के संपर्क में होने की बात कहकर डराती थी.
ब्लैकमेलिंग और दोबारा जेल भेजने की दी जाती थी धमकी
मां रंजना शर्मा का कहना है कि आरोपी युवती उनके बेटे को झूठे मामलों में फंसाकर लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. गौरतलब है कि कुछ समय पहले गोमतीनगर के एक क्लब में हुई फायरिंग के मामले में शिव शर्मा को आरोपी बनाया गया था और उन पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था. एसटीएफ ने उन्हें पटना से पकड़ा था, जिसके बाद वह जेल गए और बाद में जमानत पर रिहा हुए थे. मां का आरोप है कि श्रद्धा इसी पुरानी घटना का फायदा उठाकर उन्हें दोबारा जेल भिजवाने की धमकी देती थी.
फ्लैट की तलाशी में मिले चौंकाने वाले सामान और चैट्स
घटना के बाद जब पुलिस ने फ्लैट की जांच की, तो वहां से कई आपत्तिजनक और चौंकाने वाले सामान बरामद हुए. पुलिस को फ्लैट से कुछ सेंक्स वर्धक दवाएं और टॉयज मिले हैं. इसके अलावा, मृतक की मां ने पुलिस को शिव और श्रद्धा के बीच हुई कई चैट्स भी सौंपी हैं, जिनमें कई बड़े नेताओं और संपर्क सूत्रों का जिक्र सामने आया है. पुलिस इन सभी चैट्स और बरामद दस्तावेजों को आधार बनाकर अपनी तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है.
घटना के वक्त शरीर पर थे चोट के निशान और मेकअप
मां रंजना शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने बेटे के शव को देखा, तो उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और सिगरेट से दागने के घाव थे. उनके मुताबिक, घटना के वक्त शिव ने सिर्फ अंडरवियर पहन रखी थी और उनके चेहरे पर लिपस्टिक जैसी चीज तथा शरीर पर मेकअप लगा हुआ था. परिजनों का कहना है कि उन्हें शाम के वक्त तबीयत खराब होने की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया था, जहां शव दिखाकर आरोपी मौके से गायब हो गए. फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए नेपाल और दिल्ली तक दबिश दे रही है.
ADVERTISEMENT


