महंगे शौक, लाखों फॉलोअर्स और लग्जरी लाइफस्टाइल...शिवा शर्मा की मौत के बाद चर्चा में आई उनकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे कौन?

अंकित मिश्रा

13 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 13 2026 12:11 PM)

Shraddha Dubey News: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक 27 वर्षीय कैफे मालिक की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की जांच का रुख अब मृतक की लिविंग पार्टनर और मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की तरफ घूम चुका है.

कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के बाद चर्चा में आईं श्रद्धा दुबे
कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के बाद चर्चा में आईं श्रद्धा दुबे
Google CTA

Lucknow Cafe Owner Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक 27 साल के कैफे मालिक की शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल से गिरकर हुई मौत ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है. इस मामले में पुलिस लगातार एक्शन मोड में है और जांच की सुई मृतक की लिविंग पार्टनर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर घूम रही है. वही मृतक का परिवार भी श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगा रहें हैं. अब शिवा की संदिग्ध मौत के बाद मामले में श्रद्धा को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जिससे शिवा की मौत का मामला और भी ज्यादा रहस्यमयी होता जा रहा है. ऐसे में चलिए जानते हैं कौन हैं श्रद्धा दुबे और उनके बारे में क्या क्या पता चाल.

Read more!

लखनऊ के हजरतगंज में हुई खौफनाक घटना

यह पूरा मामला लखनऊ के हजरतगंज इलाके के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट्स का है. शुक्रवार की रात को चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनकी अस्पताल में मौत हो गई. मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि शिवा की लिविंग पार्टनर श्रद्धा दुबे और उसकी बहन पिछले चार से पांच महीनों से शिवा को लगातार प्रताड़ित कर रही थीं. परिवार का दावा है कि श्रद्धा ने शिवा को झूठे केस में फंसाने और बदनाम करने की धमकी भी दी थी. घटना के बाद से मुख्य संदेही श्रद्धा और उसकी बहन दोनों फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.

कौन हैं विवादों में घिरी श्रद्धा दुबे?

पुलिस की तफ्तीश में मुख्य कड़ी बनी श्रद्धा दुबे की पर्सनल लाइफ और उसके रसूख से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. श्रद्धा की शादी पहले ही हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी है जो रायबरेली में रहता है. साल 2022 में उसने अपने पति से तलाक ले लिया था, जिसके बाद वह लखनऊ के बालू अड्डा इलाके के एक फ्लैट में अकेले रहने लगी थी. उसने पिछले साल ही एक महंगी ब्लैक स्कर्पियो खरीदी थी जिसका शो-ऑफ वह सोशल मीडिया पर खुलकर करती थी. सोशल मीडिया पर उसके 1,41,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह खुद को एक सेलिब्रिटी इन्फ्लुएंसर के रूप में पेश करती थी.

ग्लैमर की दुनिया और विवादों का सफर

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली श्रद्धा की जिंदगी में ग्लैमर का सफर काफी दिलचस्प रहा है. एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने हैदराबाद से मॉडलिंग और फैशन ब्लॉगिंग की दुनिया में कदम रखा था. लखनऊ में 'इंडिया ग्लैमरस रनवे वीक' का आयोजन कराने के साथ ही उसने दिल्ली के 'यूएनआई इंटरनेशनल फेस ऑफ फैशन वीक' में शो स्टॉपर का खिताब अपने नाम किया था. उसे 'बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ' का अवार्ड भी मिल चुका है और वह कुछ म्यूजिक एल्बम में भी नजर आ चुकी है.

यह पढ़ें: शरीर पर लिपस्टिक और अंडरवियर में शव... अब लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा को लेकर पता चली 50 हजार के इनाम की पुरानी कहानी, उलझा मौत का मामला?

पुराने विवादों और रंगदारी से जुड़े तार

इस हाई-प्रोफाइल मामले के तार पुराने विवादों और रंगदारी से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं. पुलिस रिकॉर्ड्स के मुताबिक, 12 अगस्त 2025 को विभूति खंड के एक कैफे में शिवा शर्मा से ₹1 लाख की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने का मामला भी दर्ज हुआ था. इस मामले की शिकायत शिवा की मां ने एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों के खिलाफ कराई थी. फिलहाल पुलिस अपार्टमेंट और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और श्रद्धा के दो से तीन करीबियों से पूछताछ शुरू कर दी है.

मां के गंभीर आरोप और पुलिस की आगे की कार्रवाई

मृतक की मां का कहना है कि जब वह अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचीं, तो एंबुलेंस के पास श्रद्धा दुबे का ड्राइवर खड़ा था जो उन्हें देखते ही वहां से भाग गया. मां का आरोप है कि शिवा के शरीर पर मारपीट के कई निशान थे, दोनों आंखें टूटी हुई थीं, कान और नाक से खून बह रहा था, जबड़ा टूटा हुआ था और पूरे बदन पर सिगरेट से जलाने के निशान थे. पुलिस की जांच और मुख्य संदेहियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह खुद से उठाया गया कदम था, कोई हादसा था या फिर एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या.

यह भी पढ़ें: 'मुझे भाई बुला रहे हैं...' कानपुर में 6 महीने के अंदर एक ही परिवार के तीन भाइयों की रहस्यमयी मौत, आखिर क्या है सपने और मौत के बीच का कनेक्शन?