Lucknow fire Nilesh Anamika love story: लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को लगी भीषण आग ने कई परिवारों के सपनों को भी पूरी तरह से राख कर दिया है. ऐसे ही एक दर्दनाक कहानी 27 साल के निलेश और 30 साल की अनामिका की भी समाने आई है. दोनों की ही जल्द विवाद के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन जिन हाथों में कुछ महीने बाद शादी की मेहंदी सजने वाली थी वे हाथ अब हमेशा के लिए सूने हो गए हैं. दोनों की प्रेम कहानी शादी के मुकाम तक पहुंचने से पहले ही बेहद दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार निलेश कुमार और अनामिका लखनऊ की इसी बिल्डिंग में ही एनीमेशन सेंटर में एक साथ काम करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई. दोनों के परिवारों ने भी उनके इस रिश्ते को खुशी खुशी स्वीकार कर लिया था. ऐसे में अब दोनों परिवारों में उनकी शादी को लेकर तैयारियां भी शुरू होने लगी थी.
माता-पिता ने मिलकर निभाई थीं शादी की शुरुआती रस्में
अनामिका के माता-पिता पश्चिम बंगाल में रहते हैं. वे महज कुछ दिनों पहले ही अपनी बेटी की शादी की बात आगे बढ़ाने के लिए लखनऊ पहुंचे थे. यहां दोनों परिवारों की आपस में मुलाकात की और शादी को लेकर कुछ शुरुआती रस्में भी निभाई थीं. निलेश के भाई अभिषेक ने बताया कि उस वक्त घर में बेहद खुशहाल माहौल था. उनके परिवार के सभी लोगों ने अनामिका से मुलाकात कर उसे दिल से अपना लिया था.
पश्चिम बंगाल जाने के लिए बुक हो चुकी थी ट्रेन की टिकट
परिजनों के मुताबिक अगले सप्ताह निलेश के पूरे परिवार को अनामिका के घर पश्चिम बंगाल जाना था. इसके लिए ट्रेन की टिकट भी बुक करा ली गई थीं ताकि वहां जाकर शादी की तारीख और आगे की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जा सके. निलेश अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और दोनों परिवारों की उम्मीदें टूट गईं.
प्रमोशन के बाद नए घर में शादी करना चाहते थे नीलेश
परिवार के लोगों ने बताया कि नीलेश इस साल अपने काम में प्रमोशन और सैलरी बढ़ने की उम्मीद कर रहे थे. इसी वजह से उन्होंने शादी को अगले साल तक के लिए टालने का फैसला किया था, जिससे की वो आर्थिक रूप से और ज्यादा मजबूत होकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर सकें. निलेश अक्सर अपने परिवार से कहते थे कि वह नए घर में शिफ्ट होने के बाद ही शादी करेंगे.
शादी वाले घर में अब पसरा है सिर्फ सन्नाटा और शोक
रिश्तेदार समरेंद्र बताते हैं कि निलेश ने कई बार इस बात को दोहराया था कि अगले साल नए घर में ही उनकी शादी होगी. निलेश अपने सपनों के साथ-साथ परिवार के सपनों को भी संवार रहे थे और घर बनवाने में भी परिवार की मदद कर रहे थे. लेकिन अब उस नए घर में शादी की खुशियां नहीं बल्कि सिर्फ शोक की छाया पसरी हुई है.
अनामिका की चचेरी बहन सोमिल्या की भी हादसे में मौत
इस हादसे में अनामिका के पूरे परिवार को कभी न भरने वाला गहरा घाव दिया है. इस अग्निकांड में अनामिका की 27 साल की चचेरी बहन सोमिल्या की भी मौत हो गई है. सोमिल्या भी उसी एनीमेशन संस्थान में कार्यरत थीं जहां नीलेश और अनामिका काम करते थे. कुछ घंटे पहले तक दोनों परिवार बैठकर बच्चों की शादी की योजनाओं और उनके भविष्य के सपनों पर चर्चा कर रहे थे लेकिन शाम होते-होते सब कुछ पूरी तरह बदल गया.
ADVERTISEMENT


