लखनऊ: शाहनवाज गिरफ्तार, अब सामने आई वो कार... जिससे उसने युवती को टक्कर मारकर बोनट पर घसीटा था

Lucknow hit and run case Shahnawaz arrested: लखनऊ के चर्चित हिट एंड रन केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है. जनेश्वर मिश्रा पार्क पुलिस चौकी के पास से उसे डिटेन किया गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट वाली लग्जरी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

लखनऊ में युवती को कार से घसीटने वाला शाहनवाज डिटेन
लखनऊ में युवती को कार से घसीटने वाला शाहनवाज डिटेन
Google CTA

Lucknow hit and run case: लखनऊ पुलिस ने हिट एंड रन केस के मुख्य आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है. जनेश्वर मिश्रा पार्क स्थित पुलिस चौकी के पास से पुलिस की टीम ने शाहनवाज को डिटेन किया. इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी.

Read more!

शाहनवाज पर आरोप है कि उसने अपनी गाड़ी से अनामिका नाम की लड़की को कुचलने और घसीटने का प्रयास किया. घटना के दौरान जब युवती ने कार को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे टक्कर मारते हुए आगे निकल गया.

पुलिस कस्टडी में आरोपी शाहनवाज

पुलिस जब आरोपी शाहनवाज को जनेश्वर मिश्रा पार्क पुलिस चौकी से गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी, तब आज तक के रिपोर्टर ने उससे कड़े सवाल पूछे. रिपोर्टर ने शाहनवाज से पूछा कि उसने लड़की पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश क्यों की, लेकिन आरोपी के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला. वह पूरी तरह खामोश रहा और पुलिस की जीप में बैठा रहा.

लगभग एक से डेढ़ घंटे तक शाहनवाज को पुलिस चौकी के अंदर रखकर पूछताछ की गई. इसके बाद पुलिस उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया और विस्तृत पूछताछ के लिए किसी गुप्त स्थान पर ले गई है.

घटना में इस्तेमाल लग्जरी कार बरामद

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान उस लग्जरी गाड़ी को भी रिकवर और जब्त कर लिया है, जिससे इस वारदात को अंजाम दिया गया था. गाड़ी का निरीक्षण करने पर कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं. गाड़ी के पिछले हिस्से में तो नंबर प्लेट लगी हुई थी, लेकिन आगे की नंबर प्लेट पूरी तरह गायब थी.

इसके अलावा कार के अगले हिस्से पर टक्कर और स्क्रैच के निशान भी साफ देखे जा सकते हैं. कार का बोनट और बंपर का हिस्सा डैमेज मिला है, जिससे यह साफ होता है कि युवती को रोकने के दौरान गाड़ी से घसीटा गया था.

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

पीड़ित युवती अनामिका को इस घटना में कंधे और बैक पर गंभीर चोटें आई हैं. गनीमत रही कि उसकी जान बच गई. पुलिस अब शाहनवाज से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना किसी तात्कालिक कहासुनी का नतीजा थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इसमें कुछ और संगीन धाराएं जोड़ी जा रही हैं. जब्त की गई गाड़ी और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: 'बुआ बचाओ, मैं तो मर गई...' लखनऊ में बोनट पर लटकी रही अनामिका, स्पीड बढ़ाता रहा शाहनवाज, जानें उसने क्यों किया ऐसा?