उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है. राज्य की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव का बिगुल बज चुका है और आज यानी 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है. इस चुनावी लड़ाई को लेकर सूबे की दो सबसे बड़ी पार्टियां भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT
BJP में 8 सीटों के लिए 20 से ज्यादा दावेदार
बीजेपी के खेमे में उम्मीदवारों के नाम तय करने को लेकर बैठकों का दौर जारी है. हाल ही में हुई कोर कमेटी की बैठक में 8 सीटों के लिए करीब दो दर्जन बड़े नेताओं के नामों पर चर्चा हुई. इन संभावित चेहरों में स्मृति ईरानी, हरदीप पुरी, कौशल किशोर, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा, गीता शाक्य, राजवीर सिंह (राजू भैया), प्रियंका रावत, बृजलाल, प्रकाश पाल और दुर्विजय शाक्य जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं.
हालांकि, दावेदारों की लंबी सूची के कारण कोर कमेटी की पहली दौर की बैठक में किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है. माना जा रहा है कि प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार करने के लिए पार्टी जल्द ही एक और अहम बैठक करेगी, जिसके बाद ही उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी.
समाजवादी पार्टी की 3 सीटों पर नजर
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी भी पीछे हटने के मूड में नहीं है. पार्टी इस बार 3 प्रत्याशी मैदान में उतारने का मन बना चुकी है. इसके लिए विधानसभा से तीन सेट नामांकन पत्र खरीदे जा रहे हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद विधायकों से इन पत्रों पर हस्ताक्षर कराएंगे. बहुत जल्द पार्टी अपने तीनों उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर सकती है.
जानिए क्या है चुनाव का पूरा शेड्यूल
राज्यसभा चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के साथ ही आज यानी 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसमें उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे; इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे, जबकि 16 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान के तुरंत बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक संपन्न करा ली जाएगी.
जिन 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है, उन पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है. ऐसे में 16 अक्टूबर को होने वाला यह मुकाबला राज्य के सियासी समीकरणों के लिहाज से बेहद दिलचस्प होने वाला है.
ADVERTISEMENT


