दलेर मेहंदी उत्तराखंड में हुए एक कार्यक्रम को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं. दरअसल, 18 अक्टूबर को हुए एक लाइव सिंगिंग परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर शराब के नशे में होने के आरोप लगाए थे. सुबोध उनियाल ने यह भी कहा था कि दलेर मेहंदी को कार्यक्रम में गाने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे. मंत्री ने आरोप लगाया कि सिंगिंग के बजाय उन्होंने लिप-सिंक किया.
ADVERTISEMENT
दलेर मेहंदी के नशे में होने के आरोपों के बीच अब 'आज तक' को दिया गया उनका एक पुराना इंटरव्यू फिर से चर्चा में आ गया है. इस इंटरव्यू में उन्होंने सिंगिंग सीखने के दौरान अपने गुरु राहत अली खान की दो शर्तों का जिक्र किया था. आखिर क्या थीं वे दो शर्तें? आइए जानते हैं.
जानें गुरु की दो शर्तें और बचपन का किस्सा
इंटरव्यू में दलेर मेहंदी ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए गायन सीखने का एक किस्सा शेयर किया. इसमें उन्होंने बताया कि वे जब 13 साल के थे तब उनके उस्ताद राहत अली खान साहब ने उन्हें संगीत सिखाने के लिए दो शर्तें रखी थीं. इसमें पहली शर्त थी कि वे बड़े होकर कभी अपने बाल नहीं कटवाएंगे. वहीं दूसरी शर्त ये थी कि वे कभी जिंदगी में शराब को हाथ नहीं लगाएंगे. सिंगर ने बताया कि उन्होंने गुरु की ये दोनों शर्तें मानीं और आज भी वे किसी भी तरह के नशे से दूर रहते हैं. उन्हें सिर्फ चाय का शौक है, लेकिन ड्रिंक से उनका कोई वास्ता नहीं है.
जब सैन फ्रांसिस्को में टैक्सी चलाते थे मशहूर सिंगर
वहीं अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए दलेर मेहंदी ने बताया था कि वह सैन फ्रांसिस्को में कुछ एक्स्ट्रा पैसे कमाने के लिए टैक्सी भी चलाया करते थे. उसी दौरान उनके बड़े भाई ने उनकी मुलाकात प्रसिद्ध संगीतकार अमजद अली खान से करवाई थी. पहली मुलाकात में जब अमजद अली खान ने उनकी गजलें सुनीं तो वे उनकी आवाज उन्हें पसंद आई. उन्होंने दलेर मेहंदी की तारीफ करते हुए कहा था कि वे एक दिन बहुत बड़े कलाकार बनेंगे. इस दौरान अमजद अली खान ने भी उन्हें सलाह दी थी कि वे अपने बाल कभी न कटवाएं. इस तरह उनके लंबे बालों को लेकर उस्ताद की बात के साथ इस दिग्गज संगीतकार की सलाह भी जुड़ गई.
यह पढ़ें: दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरा FWICE, PM मोदी और CM धामी को लिखी चिट्ठी, जानिए क्या मांग की?
शराब से दूरी ने बचाई आवाज का जादू
दलेर मेहंदी का मानना है कि शराब और अन्य नशों से दूरी बनाए रखने की वजह से ही उनकी आवाज आज भी उतनी ही दमदार और सुरम्य बनी हुई है. उनका कहना है कि आज के दौर में अपनी पुरानी आवाज को सालों बाद भी वैसा ही बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन उन्होंने अपने खान-पान और लाइफस्टाइल के जरिए इस बात को साबित किया है. कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने करीब 27 साल पुराने सुपरहिट गाने को नए अंदाज में दोबारा रिकॉर्ड किया था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला.
ADVERTISEMENT


