राहुल गांधी का फर्जी PA बनकर गौरव करता था कॉल, फिर ऐसे बिछाता था ठगी का जाल, अब पकड़ाया तो हुए चौंकाने वाले खुलासे

Dehradun News: देहरादून में एक शातिर ठग ने खुद को राहुल गांधी का PA बताकर महिला नेता से 25 लाख रुपये ठग लिए. पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह कई राज्यों में इसी तरह नेताओं को निशाना बनाकर करोड़ों की ठगी कर चुका है.

Dehradun News
Dehradun News

अंकित शर्मा

follow google news

Dehradun Bhawana Pandey Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पर्सनल असिस्टेंट यानी PA बताने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग को देहरादून पुलिस ने ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत गिरफ्तार कर लिया है. इस ठग ने एक महिला नेता भावना पांडे को पार्टी में बड़ा पद और चुनाव का टिकट दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये का चूना लगाया था. इसके बाद पीड़िता भावना पांडे ने देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी.

Read more!

दरअसल, गौरव कुमार उर्फ कनिष्क सिंह नामक शख्स ने खुद को दिल्ली के बड़े कांग्रेस नेताओं का करीबी और राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर महिला नेता भावना पांडे से संपर्क किया. आरोपी ने महिला को यकीन दिलाने के लिए उत्तराखंड के दिग्गज नेताओं जैसे हरीश रावत, यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत की आवाज वाली फर्जी ऑडियो रिकॉर्डिंग्स भी सुनाईं.

टिकट और सर्वे के नाम पर वसूले 25 लाख रुपये

महिला नेता का भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने उत्तराखंड में राजनीतिक सर्वे कराने और चुनाव में टिकट दिलाने का झांसा दिया. भावना पांडे ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 13 अप्रैल 2026 को करीब 9.5 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर किए और 5 लाख रुपये कैश दिए. इसके बाद आरोपी ने अपने एक साथी को महाराष्ट्र का विधायक बताकर जाखन स्थित आवास पर भेजा और बाकी की रकम भी वसूल ली. कुल मिलाकर महिला से 25 लाख रुपये की ठगी की गई.

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे 

पैसे लेने के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया और फरार हो गया. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मोबाइल सर्विलांस, CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को जाखन क्षेत्र से धर दबोचा. आरोपी के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक डोंगल बरामद किया है.

राजस्थान और बिहार में भी की करोड़ों की ठगी

पूछताछ के दौरान आरोपी गौरव कुमार ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि वह गूगल और अन्य राजनीतिक वेबसाइटों से नेताओं की जानकारी निकालकर उन्हें अपना शिकार बनाता था. ये भी पता लगा है कि आरोपी ने राजस्थान में दो नेताओं को विधानसभा चुनाव का टिकट दिलाने के नाम पर 2 करोड़ रुपये की ठगी की थी. वहीं बिहार में भी एक नेता को ऊंचा पद दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है. वहीं अब आरोपी उत्तराखंड के नेताओं को ठगने की योजना बना रहा था.

पुलिस ने की ये अपील

पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है जो राजनीतिक रसूख का डर दिखाकर लोगों को लूटता है. फिलहाल आरोपी कनिष्क सिंह सलाखों के पीछे है और पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है. देहरादून पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न लुटाएं.

यह भी पढ़ें: 'मम्मी-पापा सॉरी...' ये कहकर अल्मोड़ा के दीक्षित ने कोटा में उठाया खौफनाक कदम, नोट में किए चौंकाने वाले खुलासे

    follow google news