Dehradun NEET Student Death Case: देहरादून में एक 23 वर्षीय नीट छात्रा के जान देने का मामला सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार रिया नाम की छात्रा ने अपने कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. उसका शव रूम में ही पंखे से लटका हुआ मिला. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. रिया के इस कदम से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है.
ADVERTISEMENT
नीट पेपर देने के बाद थी खुश, लेकिन फिर...
यह मामला देहरादून के पटेल नगर इलाके के चंद्रमणि कॉलोनी का है. परिजनों के अनुसार रिया नीट यूजी एग्जाम की तैयारी कर रही थी. रिया ने हाल ही में नीट का एग्जाम दिया था. इसके बाद से वो काफी खुश दिखाई दे रही थी. बतौर परिजन रिया को पूरी उम्मीद थी कि इस बार उसका सिलेक्शन हो जाएगा. लेकिन नीट एग्जाम पेपर के लीक होने की बात सामने आने के बाद से रिया काफी परेशान रहने लगी थी. इसके बाद रिया ने दोबारा से अपनी पढ़ाई तो शुरू कर दी थी. लेकिन उसके चेहरे की पुरानी चमक पूरी तरह गायब हो चुकी थी. उसके माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा चुप रहने लगी थी.
सुसाइड नोट में लिखा-'मम्मी-पापा आई लव यू'
अब इस घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है. इस नोट में रिया ने अपने माता-पिता के लिए 'मम्मी-पापा आई लव यू' लिखा है. अब ये शब्द उसके परिवार के लिए एक दर्दनाक याद बन चुके हैं. रिया अपने घर में सबसे बड़ी थी. परिवार में उससे छोटे एक भाई और एक बहन है. बताया जा रहा है कि वो मोहल्ले के बच्चों को भी पढ़ाई में दिक्कत होने पर मदद करती थी. उसका शांत स्वभाव हर किसी को पसंद था, यही वजह है कि उसकी मौत ने पूरे मोहल्ले को हिलाकर रख दिया है.
12वीं हासिल किए 96.7 प्रतिशत नंबर
परिजानों ने बताया कि रिया बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में बहुत अच्छी थी. स्कूल के दिनों से ही उसकी पहचान एक मेधावी छात्रा के रूप में की जाती थी. उसने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.7 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने स्कूल राजा राम मोहन राय एकेडमी को टॉप किया था. परिवार, रिश्तेदार और सभी पड़ोसी उसे भविष्य में एक डॉक्टर के रूप में देखना चाहते थे. रिया खुद भी सफेद कोट पहनकर मरीजों की सेवा करने का बड़ा सपना देख रही थी.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
वहीं, इस मामले में अब सीओ सदर अंकित कंडारी ने मौके से सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस को सुसाइड नोट के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी मिले हैं. इसके आधार पर मामले की पूरी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर ये मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल पुलिस टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं के तलवार से हमले में 4 लोग घायल... अब पुलिस आरोपियों पर लिया बड़ा एक्शन
ADVERTISEMENT


