Uttarakhand Minister Scooter Viral Video: उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी का स्कूट पर सवार होकर चलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील की थी. इसी अपील का पालन करते हुए उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी अपने सरकारी काफिले को छोड़कर स्कूटी से ऑफिस के लिए निकले थे. यहां गणेश जोशी का उद्देश्य जनता को ये बताना था कि मौजूदा वैश्विक हालात में ईंधन की बचत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
ADVERTISEMENT
शुरुआत में गणेश जोशी के इस कदम की खूब चर्चा हुई लेकिन जल्द ही ये मामला ट्रोलिंग तक पहुंच गया. इसमें विपक्षी दल भी पीछे नहीं रहे उन्होंने भी गणेश जोशी की घेराबंदी शुरू कर दी. इस बीच गणेश जाेशी जिस स्कूटी से सफर कर रहे थे उसे बारे में जो जो जानकारियां निकलकर सामने आई उससे ये मामला कानूनी और सियासी विवाद में फंस गया. क्या है पूरा मामला चलिए इस खबर में जानते हैं सिलसिलेवार तरीके से...
बिना इंश्योरेंस की स्कूटी चलाकर फंसे गणेश जोशी?
आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि जिस स्कूटी पर मंत्री सवार थे उसका इंश्योरेंस 27 मार्च 2026 को ही खत्म हो चुका है. यही नहीं उन्होंने दाव किया कि ये स्कूटी गणेश जाेशी की नहीं थी. इसके साथ उन्होंने कहा कि ''जब आम आदमी का चालान मिनटों में कट जाता है तो मंत्री पर नियम लागू होंगे या सिर्फ भाषणों में ही कानून चलता है?'' उन्होंने कहा कि ''अगर यही काम कोई आम नागरिक करता तो अब तक चालान, जुर्माना और लंबा लेक्चर सब मिल चुका होता.''
कांग्रेस हुई हमलावर, पूछे तीखे सवाल
वहीं इस मामले में उत्तराखंड कांग्रेस का बयान भी सामने आया. कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की पेट्रोल बचाने की नसीहत के बाद भाजपा नेता उन्हें खुश करने में जुटे हैं. लेकिन इस चक्कर में कानून तक तोड़ा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्कूटी चलाकर संदेश देने की कोशिश की, जबकि उस स्कूटी का इंश्योरेंस एक्सपायर बताया जा रहा है. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह स्कूटी किसकी थी, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं है.
पीएम मोदी ने देश से की थी ये अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिकंदराबाद की जनसभा में देश की आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कई बड़ी बातें कही थीं. उन्होंने यूक्रेन युद्ध और मिडिल ईस्ट संकट के कारण बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए नागरिकों से देशभक्ति निभाने को कहा था. पीएम ने अपील की थी कि लोग एक साल तक सोना न खरीदें विदेश में छुट्टियां मनाने के बजाय भारत में घूमें और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दें. उन्होंने विशेष रूप से कहा था कि भारत तेल के लिए विदेशों पर निर्भर है इसलिए कार पूल करें और मेट्रो का इस्तेमाल कर पेट्रोल डीजल बचाएं.
ADVERTISEMENT


