कौन हैं केशव नेगी, जिन्हें मालवीय नगर अग्निकांड के बाद किया गया गिरफ्तार? अब उनके समर्थन में उतरे CM धामी समेत कांग्रेस के कई नेता

Chef Keshav Negi Kuan Hai: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद गिरफ्तार किए गए शेफ केशव नेगी के समर्थन में उत्तराखंड के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एकजुट नजर आ रहे हैं. इस मामले में रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री से बात की है जबकि कांग्रेस, सांसदों और सोशल मीडिया पर भी उनकी गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं. निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है.

केशव नेगी के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की दिल्ली की सीएम से बात
केशव नेगी के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की दिल्ली की सीएम से बात

अंकित शर्मा

follow google news

Delhi Hotel Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में हुए अग्निकांड के बाद गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. केशव के समर्थन में उत्तराखंड के सभी राजनीतिक दल के नेता एकजुट नजर आ रही है. रविवार को इस उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की सीएम से फोन पर बात की है. उधर प्रदेश कांग्रेस ने अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केशव नेगी तत्काल रिहाई की मांग की. इसके साथ ही हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी ने भी दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं सोशल मीडिया पर भी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं और लोग उनके समर्थन में उतर आए हैं.

Read more!

सबसे पहले जानें क्या है मालवीय नगर अग्निकांड?

दरअसल, 3 जून की सुबह दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में बने फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में भीषण आग लग गई थी। अब तक मिली जानकारी के अनुसार आग होटल के ग्राउंड फ्लोर या बेसमेंट में चल रहे रेस्टोरेंट से लगना शुरू हुई थी. इसके बाद देखते ही देखते ये 6 फ्लोर की बिल्डिंग में फैल गई. इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे. इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही होटल में काम करने वाले शेफ केशव नेगी को भी कथित लापरवाही के आरोप में अरेस्ट किया गया था.

अदालत ने केशव नेगी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा 

इस बीच शनिवार होटल के कुक केशव नेगी को साकेत कोर्ट में पेश किया गया. अदालत में पेशी के बाद कोर्ट ने केशव नेगी को 2 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है. पुलिस का आरोप है कि घटना वाले दिन केशव नेगी इलेक्ट्रिक चूल्हे पर कुछ बना रहा था और तभी अचानक आग की शुरुआत हुई थी. पुलिस के मुताबिक आग लगने के बाद केशव बिना जानकारी दिए मौके से फरार हो गया था. ऐसे में अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की सीएम से की बात

इस मामले में अब केशव के समर्थन में उत्तराखंड नेता आ गई हैं. इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान सामने आया है. मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड के रहने वाले केशव नेगी की गिरफ्तारी के संबंध में उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बातचीत की है. वार्ता के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह से तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी. इसके साथ ही सीएम धामी ने केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी फोन पर बात की और उन्हें हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार देश भर में रहने वाले सभी प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों के साथ हमेशा खड़ी है.

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और अनिल बलूनी ने पुलिस से की बात

हरिद्वार से सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इस मामले को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में देवभूमि उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने और गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी बातचीत की है. दोनों सांसदों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष, गहन और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने को कहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके. सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वो केशव के परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए जाने जाते हैं.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उठाए गंभीर सवाल

उधर दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली सरकार और पुलिस की इस कार्रवाई का घोर विरोध किया है. उन्होंने कहा कि मालवीय नगर के अग्निकांड में कई लोगों की मौत बेहद दुखद है और वह मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. लेकिन इसके बाद दिल्ली पुलिस ने जो कार्रवाई की है वह और भी ज्यादा कष्टदायी है. उन्होंने कहा कि केशव नेगी पर ये आरोप लगाना कि उन्होंने आग बुझाने में योगदान नहीं दिया पूरी तरह गलत है क्योंकि आग लगने पर हर व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता है. केशव नेगी कोई फायर ब्रिगेड के कर्मचारी नहीं थे बल्कि वह उस होटल में खाना बनाने वाले एक साधारण शेफ थे. उन्होंने दिल्ली सरकार से मांग की है कि वो इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे और केशव नेगी को तत्काल रिहा किया जाए.

कौन हैं केशव नेगी?

केशव नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं. वे अपनी आजीविका चलाने के लिए दिल्ली के  मालवीय नगर इलाके में फ्लोरिश स्टे होटल के रेस्टोरेंट में शेफ के रुप में कार्य कर रहे थ. उनकी बेटी का नाम कनिष्का नेगी है. मामले में केशव नेगी को अरेस्ट करने के बाद से उत्तराखंड के कई राजनीतिक दलों का कहना है कि प्रशासन केशव नेगी को अपनी नाकामी छुपाने के लिए फंसा रहा है.

यह भी पढ़ें: मैं जल्द लौट आऊंगी मां...' बबीता पांडे ने घर से निकलते समय कही थी ये बात, अब 5 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

    follow google news