Daler Mehndi Controversy: सुबोध उनियाल के बयान पर मनिंदर बुट्टर ने तोड़ी चुप्पी, 2019 के शो को लेकर मंत्री को दी चुनौती

अंकित शर्मा

28 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 28 2026 8:01 PM)

Daler Mehndi controversy: उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर तक पहुंच गया है. मंत्री सुबोध उनियाल के बयान पर बुट्टर ने वीडियो जारी कर नाराजगी जताई और साल 2019 के टिहरी शो की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की चुनौती दी. आखिर पूरा मामला क्या है?

मनिंदर बुट्टर ने वीडियो जारी कर मंत्री को दी चुनौती
मनिंदर बुट्टर ने वीडियो जारी कर मंत्री को दी चुनौती
Google CTA

उत्तराखंड के टिहरी स्थित कुंजापुरी मेले में स्वास्थ्य मंत्री और दलेर मेहंदी के बीच हुए विवाद ने इन दिनों तूल पकड़ा हुआ है. इस मामले में मंत्री सुबोध उनियाल के माफी के दावे सामने आए तो उन्होंने खुद सामने आकर कहा कि उनकी कोई गलती नहीं है तो माफी किस बात की मांगे. इस बीच, इस पूरे घटनाक्रम में पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर एक नया किरदार सामने आया है. हालांकि, इसका जिक्र सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से विवाद के दौरान किया था. इस बीच अब मनिंदर बुट्टर ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है.

Read more!

जानें मंत्री ने मनिंदर बुट्टर के लिए क्या कहा?

दरअसल, कुंजापुरी मेले में कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को बीच में ही रोक दिया गया था. उन पर नशे की हालत में प्रस्तुति देने का आरोप भी लगाया गया था. इसी दौरान उनियाल ने मनिंदर बुट्टर का जिक्र करते हुए दावा किया था कि वह भी पहले एक कार्यक्रम में नशे की हालत में पहुंचे थे, जिसके बाद उनकी कथित तौर पर पिटाई की गई थी.

मनिंदर बुट्टर का पुराना संस्मरण और वीडियो

विवाद के बीच चर्चा में आए पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है. उन्होंने बताया कि साल 2018 में उनका पहला गाना रिलीज हुआ था जिसके बाद उन्हें शोज़ मिलने शुरू हुए थे. साल 2019 में उन्होंने टिहरी में एक शो किया था, जिसमें विधायक सुबोध उनियाल ने उन्हें खुद मंच पर आकर एक पहाड़ी टोपी पहनाई थी. बुट्टर के अनुसार, उन्होंने वह पूरा डेढ़ घंटे का शो उसी पहाड़ी टोपी को पहनकर गाया था और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे.

यह पढ़ें: दलेर मेहंदी को संगीत सिखाने के लिए गुरु ने रखीं थीं दो शर्तें, एक का शराब विवाद से है कनेक्शन, आज तक के पुराने इंटरव्यू में बताई पूरी कहानी

मंत्री के बयानों पर जताई गहरी नाराजगी

मनिंदर बुट्टर ने मंत्री सुबोध उनियाल के बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे उत्तराखंड जैसे राज्य को रिप्रेजेंट करते हैं और एक जिम्मेदार पद पर हैं. उन्होंने कहा कि उनके पिता एक शांत स्वभाव के इंसान हैं और इंटरनेट पर उनकी कोई तस्वीर तक नहीं है, ऐसे में उनके पिता के बारे में इस तरह की बातें करना शोभा नहीं देता. बुट्टर ने चुनौती देते हुए कहा कि साल 2019 के उस पूरे शो का वीडियो इंटरनेट पर या समिति के पास मौजूद होगा, उसे पूरी तरह अपलोड कर दिया जाए ताकि दुनिया देख सके कि गलती किसकी थी.

कौन हैं पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर?

इस पूरे विवाद के केंद्र में आए मनिंदर बुट्टर का पूरा नाम मनिंदरजीत सिंह बुट्टर है और वह मूल रूप से हरियाणा के कालांवाली से ताल्लुक रखते हैं. पंजाबी संगीत और मॉडर्न म्यूजिक के बेहतरीन मेल वाले गानों के लिए पहचाने जाने वाले मनिंदर ने 'सखियां', 'इक तेरा', 'यारी', 'लारे', 'किते कल्ली' और 'पानी दी गल' जैसे कई सुपरहिट गाने दिए हैं. साल 2018 में आया उनका गाना 'सखियां' यूट्यूब पर करोड़ों बार देखा जा चुका है, और साल 2021 में उन्होंने अपना पहला स्टूडियो एल्बम 'जुगनी' भी रिलीज किया था.

यह भी पढ़ें: दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल विवाद में नया मोड़, फोन पर माफी की खबर पर मंत्री का आ गया जवाब