7 में से 2 निहंग नीचे आए, 5 अब भी छत पर... जानें रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में ऐसा क्या हुआ कि 3 दिन से बना है गतिरोध?

Rudraprayag News: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू गुरुद्वारे में शुरू हुआ विवाद अब भी बना हुआ. हालांकि, छत पर चढ़े 7 निहंगों में से 2 नीचे आ चुके हैं, लेकिन 5 अब भी वहीं डटे हुए हैं. मौके पर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार बातचीत में जुटी हैं.

2 निहंग नीचे आए, 5 छत पर बाकी
2 निहंग नीचे आए, 5 छत पर बाकी

अंकित शर्मा

follow google news

Nagarasu Gurdwara News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में नगरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 20 जून से शुरू हुआ विवाद अब भी जारी है. मामले में ताजा अपडेट के अनुसार छत पर चढ़े 7 निहंगों में अब तक 2 नीचे आ चुके हैं. हालांकि, इसके बाद भी अब गुरुद्वारे की छत पर कुल 5 निहंग बचे हुए हैं. हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बने इस गुरुद्वारे में कुछ निहंग तीर्थयात्रियों के कथित कब्जा करने के बाद से हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं.  

Read more!

मिली जानकारी के अनुसार मौके पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी लगातार डटे हुए हैं, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी इस विवाद का कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है और गतिरोध लगातार बना हुआ है. 

जानें कैसे शुरू हुआ विवाद?

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुद्वारा प्रबंधन और निहंग यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में लेने का प्रयास करने लगे. आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद सेवादारों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार भी किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं. प्रशासन शांतिपूर्ण समाधान के लिए दोनों पक्षों से बातचीत करने की कोशिश कर रहा है.

बातचीत के जरिए बाकी के 5 को भी नीचे उतारने की तैयारी

हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए रुद्रप्रयाग और श्रीनगर क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था. हेमकुंड साहिब यात्रा के बीच नगरासू गुरुद्वारे में हुए इस टकराव ने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा कड़ा कर दिया गया है. प्रशासन के लाेग लगातार बातचीत कर बाकी के बचे 5 निहंग श्रद्धालुओं को नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं.

नीचे उतरे निहंग श्रद्धालु ने क्या बताया?

वहीं, इस बीच, छत पर चढ़े 7 निहंगों में नीचे उतरे एक व्यक्ति ने अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि  ''हम ऋषिकेश से कर्णप्रयाग की ओर यात्रा कर रहे थे. रास्ते में भोजन करने के लिए नगरासू गुरुद्वारे में रुके थे. वहां पहुंचने पर कुछ सेवादारों ने हमारे साथ अभद्र व्यवहार किया. जब हम बाहर आए तो पुलिस को देखकर हमें लगा कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने हमारे खिलाफ पुलिस बुला ली है. इसी चलते हम छत पर चले गए. मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं और अपने घर वापस जाना चाहता हूं.''

रुद्रप्रयाग SSP नीहारिका तोमर ने बताया?

इस पूरे घटनाक्रम पर रुद्रप्रयाग की एसएसपी नीहारिका तोमर ने टेलीफोन पर हुई बातचीत में बताया कि अब तक की जांच और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के मुताबिक, निहंगों का यह विवाद केवल नगरासू गुरुद्वारे के सेवादारों के साथ हुआ था. उन्होंने साफ किया कि बातचीत में निहंगों ने कर्णप्रयाग से जुड़ी किसी भी घटना या विवाद का कोई जिक्र नहीं किया है.

SSP के अनुसार, सेवादारों के साथ हुई बहस और झगड़े के बाद कुछ निहंग गुस्से में आकर गुरुद्वारे की छत पर चले गए थे. उनमें से एक निहंग बाद में नीचे आ गया था और उसने अधिकारियों से बात भी की थी. एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि गुरुद्वारे के अंदर अरदास और लंगर की व्यवस्था हमेशा की तरह सामान्य रूप से चल रही है और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जा रही है.

यह भी पढ़ें: 7 में से 2 निहंग नीचे आए, 5 अब भी छत पर... जानें रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में ऐसा क्या हुआ कि 3 दिन से बना है गतिरोध?

    follow google news