Ramsharan Nautiyal News: चुनाव से पहले उत्तराखंड में सियासी माहौल को गरमा गया है. दरअसल, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, अभी तक बीजेपी की ओर से इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस में जाने और चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
राजनीतिक गलियारों में इस बात की जोरों पर चर्चा चल रही है कि रामशरण नौटियाल बहुत जल्द कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं. इतना ही नहीं, यह बात भी सामने आ रही है कि वह इस बार विकासनगर सीट से कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतर सकते हैं. हालांकि, इस पूरे मामले पर खुद उनकी तरफ से भी कोई औपचारिक बयान या घोषणा सामने नहीं आई है.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बड़ा बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. उन्होंने बताया कि रामशरण नौटियाल के इस्तीफे से जुड़ी खबरें उन्होंने भी सोशल मीडिया पर ही देखी हैं. पार्टी नेतृत्व को अभी तक उनका कोई लिखित या आधिकारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है.
2022 के चुनाव में चकराता सीट से आजमाई थी किस्मत
गौरतलब है कि रामशरण नौटियाल मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता है. वे साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. उस मुकाबले में उनके सामने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह थे. उस चुनाव के बाद से ही वह लगातार भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े हुए थे.
रामशरण नौटियाल पहले भी कांग्रेस पार्टी में रह चुके हैं और देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. अब एक बार फिर बीजेपी से उनके अलग होने की खबरों के बाद, उत्तराखंड के सियासी हलकों में उनके अगले कदम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
ADVERTISEMENT


