Urmila Sanawar Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर इन दिनों गंभीर कानूनी विवादों में घिर चुकी हैं. हाल ही में उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज एक अलग मामले के आधार पर की गई है. इस शिकायत में आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट साझा करने, गंभीर धमकी देने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
ADVERTISEMENT
देहरादून से लेकर सहारनपुर तक दर्ज हुए 11 मुकदमे
उर्मिला सनावर की मुश्किलें सिर्फ एक मामले तक सीमित नहीं हैं. उनके खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. ताजा मामला देहरादून कोतवाली में एक अन्य व्यक्ति सागर की तरफ से दर्ज कराया गया है. इस FIR में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने भाजपा नेता बीएल संतोष, सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम और आरती गौड़ की छवि को धूमिल करने की कोशिश की है. इन सभी मामलों में पुलिस लगातार जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
जानें कहां कितने मुकदमें हैं दर्ज
- थाना झबरेड़ा (हरिद्वार): मुकदमा संख्या 356/2025 (धारा 336(4), 248(2), 3(5), 299 बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67)
- थाना बहादराबाद (हरिद्वार): मुकदमा संख्या 222/2025 (धारा 196 और 299 बीएनएस)
- हरिद्वार कोतवाली: मुकदमा संख्या 534/2025 (धारा 248(बी), 3(5) और 336(4) बीएनएस)
- थाना ज्वालापुर (हरिद्वार): मुकदमा संख्या 746/2024 (धारा 308(6) और 351(2) बीएनएस)
- थाना रानीपुर (हरिद्वार): मुकदमा संख्या 122/2025 (धारा 308(2), 61(2), 208 और 210 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67)
- थाना रानीपुर (हरिद्वार): मुकदमा संख्या 384/2026 (स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम की धारा 10 व 4, तथा धारा 308(5), 308(7), 356(2), 356(3) और 79 बीएनएस)
- थाना नेहरू कॉलोनी (देहरादून): मुकदमा संख्या 420/2025 (धारा 308(7), 351(2), 352 और 79 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67)
- थाना नेहरू कॉलोनी (देहरादून): मुकदमा संख्या 208/2025 (आईटी एक्ट की धारा 67)
- देहरादून कोतवाली: मुकदमा संख्या 392/2026 (धारा 352, 353, 356 और 79 बीएनएस)
- थाना सदर बाजार (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश): मुकदमा संख्या 39/2025 (धारा 351(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67)
- थाना फतेहपुर (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश): मुकदमा संख्या 262/2025 (धारा 196 और 199 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67)
IT एक्ट के तहत दर्ज हैं सबसे अधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उर्मिला के खिलाफ दर्ज मामलों में सबसे अधिक संख्या IT एक्ट की धारा 67 की है, जो इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से जुड़ी है. इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत जबरन वसूली, धारा 351 के तहत आपराधिक धमकी, धारा 79 के तहत महिला की मर्यादा का अपमान, और धारा 196 के तहत समुदायों के बीच दुश्मनी बढ़ाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. इसके साथ ही मानहानि, जालसाजी और झूठे आरोप लगाने से जुड़ी धाराएं भी इन मुकदमों में जोड़ी गई हैं.
क्या था दिसंबर 2025 का पूरा विवाद
यह घटनाक्रम तब तेजी से सुर्खियों में आया जब दिसंबर 2025 में उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कुछ कथित ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की थीं. उन्होंने इन रिकॉर्डिंग के जरिए मामले में एक कथित 'VIP' की भूमिका पर बड़े सवाल उठाए थे. वीडियो जारी करते समय उन्होंने एक ऑडियो के हवाले से सबसे पहले दुष्यंत कुमार गौतम पर VIP होने का दावा किया था, जिसके बाद से यह मामला राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा का केंद्र बन गया.
ADVERTISEMENT


