उत्तराखंड में आगामी साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले है. इसी बीच राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार की तर्ज पर अब प्रदेश की भाजपा सरकार भी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की तैयारी कर रही है. इसके लिए सरकार ने 'बैणी-भुली योजना' शुरू की है. योजना के तहत प्रदेश की करीब 5 लाख 23 हजार महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. खास बात यह है कि योजना की पहली किस्त दिसंबर 2026 में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. यह राशि DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से दी जाएगी.
ADVERTISEMENT
योजना को लेकर ग्राम्य विकास मंत्री भारत सिंह चौधरी ने सोमवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत की. उन्होंने बताया कि सरकार का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रोत्साहित करना है. सरकार की इस पहल से ग्रामीण आजीविका और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री धामी ने 17 नवंबर को की थी योजना की घोषणा
'बैणी-भुली योजना' की घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17 नवंबर को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान की थी. उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी.
अब ग्राम्य विकास मंत्री ने योजना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया है कि इसके दायरे में प्रदेश की करीब 5 लाख 23 हजार महिलाओं को लाने का लक्ष्य है. ऐसे में दिसंबर में पहली किस्त जारी होने के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
किन महिलाओं को मिलेगा 'बैणी-भुली योजना' का लाभ?
मंत्री की ओर से दी गई जानकारी और अब तक प्रकाशित रिपोर्टों के मुताबिक, योजना का लाभ मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को मिल सकता है. इनमें ये महिलाएं शामिल हैं:
- स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाएं.
- गांवों में स्वयं सहायता समूह संचालित करने वाली महिलाएं.
- स्वरोजगार और आजीविका के कामों से जुड़ी महिलाएं.
- स्थानीय उत्पादों के निर्माण और बिक्री से जुड़ी महिलाएं.
- लखपति दीदी और अन्य ग्रामीण आजीविका कार्यक्रमों से जुड़ी महिलाएं.
वहीं, आयकर के दायरे में आने वाली महिलाओं को योजना का लाभ नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, पात्रता की विस्तृत शर्तें और आयकर से जुड़े नियमों को लेकर आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इसलिए योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को पात्रता से जुड़ी अंतिम सरकारी जानकारी का इंतजार करना होगा.
एक या दो किस्तों में क्यों, हर महीने क्यों नहीं? कांग्रेस ने उठाए सवाल
सरकार की ओर से योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी करने की तैयारी के बीच कांग्रेस ने इसे लेकर सवाल खड़े किए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार को वास्तव में महिलाओं की इतनी चिंता है तो उन्हें केवल चुनाव से पहले एक या दो किस्तों में आर्थिक सहायता देने के बजाय हर महीने मदद क्यों नहीं दी जाती?
गोदियाल ने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि महिलाओं के खातों में 5,000 से 10,000 रुपये डालकर चुनाव नहीं जीता जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के समय ही महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता भेजने की बात कर रही है, जबकि कांग्रेस लंबे समय से नियमित आर्थिक मदद की मांग उठा रही है.
कांग्रेस की सरकार बनी तो हर महीने मिलेगी आर्थिक मदद: गोदियाल
गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में 5 से 10 हजार रुपये डालने की घोषणा उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं है. महिलाओं को वास्तव में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए नियमित आर्थिक सहायता के साथ स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है.
उन्होंने दावा किया कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए हर महीने उनके बैंक खातों में सहायता राशि भेजने की व्यवस्था की जाएगी. गोदियाल के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से दी जाने वाली यह मदद केवल चुनावी घोषणा बनकर नहीं रहेगी, बल्कि महिलाओं को नियमित रूप से इसका लाभ मिलेगा.
उत्तराखंड में फिर खिलेगा कमल या लौटेगी कांग्रेस? Vote Vibe के सर्वे ने बताया जनता का मूड!
ADVERTISEMENT


