रुड़की: कांवड़ खंडित होने के बाद कार में की थी तोड़फोड़, अब पुलिस ने आरोपी राजेश पर लिया बड़ा एक्शन

अंकित शर्मा

02 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 2 2026 12:14 PM)

Roorkee News: उत्तराखंड के मंगलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ खंडित होने के बाद जमकर हंगामा हो गया. गुस्साए कांवड़ियों ने एक कार में तोड़फोड़ की और चालक से मारपीट कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है.

Google CTA

Roorkee Kanwariya Viral Video: उत्तराखंड के रुड़की में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलौर में एक बड़ा विवाद हो गया. यहां हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की कार से एक अन्य कांवड़िए की कांवड़ टकराकर खंडित हो गई. इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने कार चालक से मारपीट की और गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:30 बजे की है. मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे फ्लाईओवर के पास स्थित गोल्डन ढाबा के पास यह हादसा हुआ. हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली की तरफ जा रही एक अल्टो कार (संख्या HR 38AC-7944) की टक्कर एक अज्ञात कांवड़िए की कांवड़ से हो गई. टक्कर लगते ही कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा. कांवड़ियों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की और कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. आपको बता दें कि कार चला रहा व्यक्ति भी एक कांवड़िया ही था, जो जल लेकर अपने घर वापस लौट रहा था.

पुलिस ने क्या की कार्रवाई?

घटना की खबर मिलते ही कोतवाली मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां तैनात कर्मियों ने स्थिति को संभाला और मामले को शांत करा दिया था. पुलिस ने पीड़ित कार चालक की लिखित तहरीर के आधार पर मंगलौर कोतवाली में मुकदमा संख्या 388/2026 दर्ज कर लिया है. घटना में शामिल एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो का सहारा ले रही है.

कौन है पकड़ा गया आरोपी?

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी का नाम राजा उर्फ राजेश है. बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश गंगनहर का रहने वाला है. वायरल वीडियो में उपद्रव मचाने और कार में तोड़फोड़ करने वाले अन्य लोगों में ज्यादातर कम उम्र के युवा शामिल नजर आ रहे है. पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को भी चिह्नित कर कानूनी शिकंजे में लेने की बात कह रही है.

पुलिस की श्रद्धालुओं से शांति की अपील

घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि "कांवड़ मेला एक अत्यंत पवित्र पर्व है. सभी श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शिव की नगरी से जल लेकर जाएं. उत्तराखंड पुलिस हर समय आपकी सुरक्षा में तत्पर है. यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

इनपुट: चांदनी कुरैशी

यह भी पढ़ें: 'अब मैं खोलूंगा हिस्ट्रीशीट...' जंतर-मंतर में प्रोटेस्ट के दौरान इस्तीफा देने वाले उत्तराखंड पुलिस के जवान शेर सिंह का नया वीडियो वायरल