रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली में मध्यप्रदेश से दिल्ली कूच जारी, एमपी से जुटेंगे 50 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता.
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर MP से जीतू पटवारी के नेतृत्व में 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली रवाना.
ADVERTISEMENT

भोपाल: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली को लेकर मध्य प्रदेश के कांग्रेस खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला दिल्ली के लिए रवाना हो गया है. कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए देशव्यापी आंदोलन करार दिया है.
50 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा, जीतू पटवारी शनिवार से दिल्ली में
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश से करीब 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे. एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष शनिवार से ही दिल्ली में डटे हुए हैं. महारैली में देशभर से कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग
1 नवंबर की इस महारैली में कांग्रेस की मुख्य मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है. पार्टी का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए. जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा.
अलग-अलग मार्गों से रवाना हुए काफिले
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में सैकड़ों कारों में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए निकले हैं. इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 और 3 से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रवाना हुए हैं. शनिवार को ग्वालियर से भी भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए. कार्यकर्ताओं के लिए 100 से ज्यादा वाहन बुक किए गए हैं. ग्वालियर से हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया है.
रोक की आशंका के बीच रणनीति में बदलाव
पार्टी को आशंका है कि इस बड़े विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए केंद्र सरकार या प्रशासन द्वारा रास्ते में प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं और वाहनों को बाहरी क्षेत्रों में रोका जा सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सड़क, रेल और हवाई मार्ग से अलग-अलग समूहों में दिल्ली पहुंचने की रणनीति दी गई है.
दिग्विजय सिंह ने की महाआंदोलन में शामिल होने की अपील
अपनी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के तहत जनता के बीच मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी देशवासियों और कार्यकर्ताओं से इस महाआंदोलन में शामिल होने की जोरदार अपील की है.
