सांवला रंग, तंगहाली को बनाई अपनी ताकत... कौन है भोपाल की प्रीति प्रजापति जो अपनी माडलिंग वीडियो के कारण हो रही वायरल

भोपाल की प्रीति प्रजापति ने तंगी और सांवले रंग को अपनी ताकत बनाते हुए मां की पुरानी साड़ियों से खूबसूरत ड्रेस डिजाइन कीं और सोशल मीडिया पर छा गईं. आज वह बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर रही हैं और अपनी मेहनत के दम पर इंटरनेशनल मॉडल बनने का सपना देख रही हैं.

ADVERTISEMENT

प्रीति प्रजापति
प्रीति प्रजापति
Google CTA

जिंदगी में मुश्किलें चाहे जितनी बड़ी हों, अगर हौसला मजबूत हो तो रास्ते खुद-ब-खुद निकल आते हैं. भोपाल की रहने वाली प्रीति प्रजापति ने इस बात को बिल्कुल सच साबित कर दिखाया है. एक राजमिस्त्री पिता और घरेलू काम करने वाली मां की बेटी प्रीति ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके सांवले रंग को लेकर जो बातें लोग कभी ताने की तरह कहते थे, वही रंग एक दिन उनकी सबसे बड़ी ताकत और पहचान बन जाएगा. पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की प्रीति आज सोशल मीडिया पर जाना-पहचाना नाम बन चुकी हैं और बड़े-बड़े ब्रांड्स के साथ कदमताल कर रही हैं.

बहन का कमाल और पुरानी साड़ियां

प्रीति का बचपन से सपना मॉडल बनने का था, लेकिन घर के हालात ऐसे नहीं थे कि महंगे कपड़े या डिजाइनर कास्ट्यूम खरीदे जा सकें. पिता मोती लाल प्रजापति की कमाई इतनी नहीं थी कि परिवार का खर्च आसानी से चल सके, ऐसे में महंगे ब्रांडेड कपड़ों का तो सवाल ही पैदा नहीं होता था.

लेकिन कहते हैं ना कि लगन हो तो हर रुकावट छोटी पड़ जाती है. प्रीति की बहन को कपड़ों की डिजाइनिंग का शौक था. घर में रखी पुरानी सिलाई मशीन और मां की अलमारी में रखी पुरानी साड़ियों को उन्होंने अपना हथियार बनाया. प्रीति बताती हैं, "हर दिन नए कंटेंट के लिए अलग कपड़ों की जरूरत होती थी. तब हमें सूझा कि क्यों न घर की पुरानी मशीन और मम्मी की साड़ियों का इस्तेमाल किया जाए. मेरी बहन उन साड़ियों से शानदार और एंटीक डिजाइनर ड्रेसेज तैयार करने लगी." आज भी प्रीति के लिए सभी कपड़े उनकी बहन ही डिजाइन करती हैं.

गली की वॉक से शुरू हुआ सफर

प्रीति ने नवंबर 2025 से सोशल मीडिया पर रील्स बनाना शुरू किया था. शुरुआत में उन्हें खुद नहीं अंदाजा था कि बात इतनी दूर तक जाएगी. उन्होंने किसी बड़े स्टूडियो या सेट के बजाय अपने घर के पास की ही गलियों में साड़ियों से बनी उन यूनिक ड्रेस को पहनकर वॉक करना शुरू किया और वीडियो शूट किए.

उनकी सादगी और आम जीवन से जुड़ाव होने के कारण लोगों ने इस देसी अंदाज को हाथों-हाथ लिया. वीडियो में जब लोग उनके अनोखे डिजाइन देखते, तो दंग रह जाते और पूछते कि इतनी खूबसूरत ड्रेस किसने डिजाइन की है. लोग उनके कंटेंट से तुरंत जुड़ गए और देखते ही देखते कुछ ही महीनों में प्रीति सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगीं.

बड़े ब्रांड्स के साथ काम, लेकिन आज भी जमीन से जुड़ी हैं प्रीति

भोपाल के सरोजनी नायडू कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन करने वाली प्रीति अब फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बन चुकी हैं. सोशल मीडिया पर उनके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह वर्तमान में मामाअर्थ (Mamaearth), डॉट एंड की (Dot & Key) और एक्वालागिका (Aqualogica) जैसे कई जाने-माने ब्यूटी व ज्वेलरी ब्रांड्स के साथ काम कर रही हैं.

सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के बावजूद प्रीति अपनी जड़ों को भूली नहीं हैं. वह बताती हैं कि आज भी वे लोग एक स्लम (बस्ती) में ही रह रहे हैं और उनके पास खुद का कोई पक्का मकान नहीं है. सरकार की तरफ से कभी भी हटने का डर बना रहता है, इसलिए उनका सबसे पहला और बड़ा सपना अपने परिवार के लिए खुद का घर खरीदना है.

ग्लोबल मॉडलिंग पर है पूरा फोकस

जब प्रीति से उनके फ्यूचर गोल्स के बारे में बात की गई, तो उनका जवाब काफी दिलचस्प और बेबाक था. वह बॉलीवुड में हाथ आजमाने के बजाय सीधे इंटरनेशनल मॉडलिंग और एक्टिंग में अपना करियर बनाना चाहती हैं.

इसकी वजह बताते हुए वह कहती हैं कि बॉलीवुड में आज भी सांवले रंग को लेकर एक झिझक है, जहां उन्हें अपने कलर की वजह से लंबा संघर्ष करना पड़ सकता है और ऑडिशन के चक्कर में लंबा समय बर्बाद हो सकता है. इसके उलट, विदेशों में डार्क स्किन को लेकर गजब का क्रेज है और वहां के लोग इसके दीवाने हैं. प्रीति का यह कॉन्फिडेंस और अपनी कमियों को ताकत में बदलने का हुनर वाकई हर किसी को प्रेरित करता है.

 

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता की पिटाई से भड़के नकुलनाथ का 72 घंटे का अल्टीमेटम