देश में कृषि उत्पादन में 50% की वृद्धि, शिवराज सिंह चौहान ने बताया भारतीय खेती का रोडमैप
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि देश का कृषि उत्पादन 50% बढ़ा है. चावल और प्याज उत्पादन में भारत नंबर 1 बन गया है.
ADVERTISEMENT

इंडिया टुडे ग्रुप के 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश के कृषि उत्पादन में करीब 50 फीसदी की वृद्धि हुई है. कृषि विकास दर भी पहले के करीब 3 फीसदी के स्तर से बढ़कर 4.5 से 5 फीसदी तक पहुंच गई है. भारत ने कृषि उत्पादन के क्षेत्र में कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं. चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर भारत दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक देश बन गया है, वहीं प्याज उत्पादन में भी भारत पहले स्थान पर पहुंच गया है.
खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी और आत्मनिर्भरता
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में कृषि विकास के तीन प्रमुख दौर रहे हैं. पहला दौर हरित क्रांति का था, दूसरा 1996 से 2014 तक का और तीसरा दौर 2014-15 से शुरू हुआ, जो अभी जारी है. उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2006 से 2014 के बीच खाद्यान्न उत्पादन में औसतन सालाना 4 मिलियन टन की वृद्धि हो रही थी, जो अब बढ़कर करीब 8.4 मिलियन टन हो गई है. पिछले दो वर्षों में उत्पादन में लगभग 22.1 मिलियन टन की वृद्धि दर्ज की गई है.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत खाद्यान्न के मामले में लगभग आत्मनिर्भर हो चुका है. एक समय था जब भारत को अमेरिका से पीएल-480 योजना के तहत गेहूं आयात करना पड़ता था, लेकिन आज देश के पास अनाज का पर्याप्त भंडार है और भारत गेहूं एवं चावल का निर्यात भी कर रहा है. हालांकि, दलहन और तिलहन के उत्पादन में अभी कुछ कमी है, जिसे पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.
11 करोड़ से ज्यादा किसानों की फार्मर आईडी तैयार
कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की अलग पहचान यानी फार्मर आईडी बनाने का अभियान चलाया जा रहा है. अब तक 11 करोड़ से ज्यादा किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जा चुकी हैं.
इसका उद्देश्य किसानों को कागजी प्रक्रियाओं और सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मुक्ति दिलाना है. फार्मर आईडी के जरिए किसान अपने रिकॉर्ड के आधार पर आसानी से बैंक लोन, फसल बीमा और आपदा राहत जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे. इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल की खरीद की प्रक्रिया भी आसान होगी.
तकनीक और स्मार्ट खेती: 'भारत विस्तार' एवं ड्रोन का इस्तेमाल
कृषि में तकनीक की भूमिका पर बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि स्मार्ट खेती को बढ़ावा देने के लिए भारत विस्तार डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है. इसके जरिए किसानों को स्थानीय भाषाओं में मौसम, फसल के भाव, फसलों में लगने वाले रोगों और उनसे बचाव की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. इसके अलावा कृषि ड्रोन के इस्तेमाल से कीटनाशकों और दवाओं का सटीक छिड़काव करने पर जोर दिया जा रहा है.
सरकार ने कृषि अनुसंधान को सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाने के लिए 'लैब टू लैंड' की अवधारणा पर काम शुरू किया है. विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान किसानों से बातचीत में करीब 500 ऐसे विषय सामने आए हैं, जिन पर वैज्ञानिक अनुसंधान की जरूरत है. इसमें गन्ने की को-238 किस्म में लगने वाली रेड रॉट बीमारी का समाधान, कपास को पिंक बॉलवर्म से बचाना और लीची एवं आम जैसे फलों की शेल्फ लाइफ बढ़ाना शामिल है.
राज्यों की जलवायु के हिसाब से कृषि रोडमैप और 'खेत बचाओ अभियान'
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर राज्य की जलवायु, मिट्टी और पानी की उपलब्धता अलग है, इसलिए राज्यों के लिए अलग-अलग कृषि रोडमैप तैयार किए जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश का कृषि रोडमैप लगभग तैयार हो चुका है, असम का रोडमैप बन गया है और आंध्र प्रदेश में इस पर तेजी से काम चल रहा है.
उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी के स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए सरकार ने 'खेत बचाओ अभियान' शुरू किया है. इसके तहत कृषि विज्ञान केंद्रों की टीमें किसानों के बीच जाकर उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ा रही हैं.
