गाजियाबाद: करवाचौथ से पहले पति को रास्ते से हटाने की नाकाम साजिश ? तलाक के बाद हुई थी लव मैरिज
गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-1 में शशांक कंथरिया पर चाकू से हमले के मामले में पत्नी प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रिश्तों के ताने-बाने को झकझोर देने वाली कथित कहानी सामने आई है. यहां वसुंधरा सेक्टर-1 में रहने वाले शशांक कंथरिया पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है. हमले में जब पत्नी का हाथ सामने आने का दावा किया गया तो हर कोई दंग था. एक तरफ जहां पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत करने की तैयारी में हैं वहीं गाजियाबाद पुलिस ने पत्नी प्रिया और उसके कथित प्रेमी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 की जागृति आरडब्ल्यूए सोसायटी में झांसी के रहने वाले शशांक कंथारिया (35) अपनी पत्नी प्रिया और 3 साल की बेटी के साथ रहते हैं. शशांक और प्रिया की शादी साल 2019 में शशांक के साथ हुई थी. 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे प्रिया शर्मा रोज की तरह वसुंधरा स्थित फिटनेस हैड क्वार्टर जिम में व्यायाम करने चली गईं. इनके जाते ही एक शख्स घर में दाखिल हुआ और बेटी के साथ सो रहे शशांक पर चाकू से हमला करने लगा. इससे पहले कि शशांक संभल पाते उनपर आरोपी ने एक के बाद एक 10 से ज्यादा बार वार किए.
घर से निकलकर भागे शशांक
बताया जा रहा है कि शशांक जैसे-तैसे आरोपी से बचकर घर से निकलने लगे. इस दौरान भी आरोपी के साथ संघर्ष हुआ. वो बाहर आकर शोर मचाने लगे. उधर उनकी बेटी भी जग गई और पिता का ये हाल देख शोर मचाने लगी. शोर सुन जैसे ही लोग उनके घर की तरफ बढ़े, आरोपी वहां से फरार होने लगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोच लिया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर इंदिरापुरम थाने की पुलिस पहुंची और शशांक को पास के यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया.
कौन है आरोपी और शशांक पर उसने अटैक क्यों किया ?
पता चला कि आरोपी उसी जिम का ट्रेनर है जहां शशांक की पत्नी प्रिया एक्सरसाइज करने जाती हैं. आरोपी का नाम प्रताप सिंह है और वो शामली के बझेड़ी गांव का रहने वाला है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी का शशांक की पत्नी प्रिया के साथ अफेयर चल रहा है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में ये बात सामने आई है कि प्रिया इस जिम में 7-8 महीने से जा रही हैं. इसी दौरान जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के साथ दोस्ती हुई. दोस्ती कब प्यार में बदली पता ही नहीं चला. मामला यहां तक पहुंच गया कि दोनों शादी करने की योजना बनाने लगे.
शशांक क्यों बदलने वाले थे अपना मकान ?
जांच में सामने आया है कि शशांक को पत्नी के अफेयर की बात पता चल गई. पता चलते ही उन्होंने अपना मकान बदलने का फैसला कर लिया. दिवाली के बाद वे कहीं और शिफ्ट होने वाले थे. दावा किया जा रहा है कि इस बात से प्रिया और प्रताप परेशान थे. दोनों की मुलाकात 25 अक्टूबर को सुबह हुई. इसी दौरान शशांक को रास्ते से हटाने की सजिश रची गई. कथित रूप से प्रिया ने 26 की सुबह जिम जाते समय जानबूझकर घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया ताकि आरोपी प्रताप एंटर कर सके. हुआ भी यही.
प्रिया की हो चुकी है दो शादी ?
पुलिस के मुताबिक प्रिया की शशांक के साथ ये दूसरी शादी है जबकि शशांक की ये पहली शादी है. इससे पहले उनकी शादी दिल्ली में हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहला पति बेरोजगार था, जिसे लेकर दोनों में विवाद होता था. फिर तलाक हो गया. इसके बाद प्रिया की तैनाती पोस्टल विभाग में हो गई. यहीं उनकी मुलाकात शशांक से हुई. दोनों में प्यार हुआ और फिर शादी कर ली. दोनों की लाइफ में सब ठीक चल रहा था. दोनों की एक बेटी भी है. दोनों सरकारी नौकरी में हैं. कथित रूप में जिम जाने के बाद प्रिया की लाइफ में प्रताप की एंट्री ने हंसते-खेलते घर पर ग्रहण लगा दिया. प्रताप भी अविवाहित है और प्रिया से शादी करना चाहता है. हालांकि बताया जा रहा है कि प्रिया ने अभी तक इस संबंध के बारे में कबूल नहीं किया है. आरोपी प्रताप ने ही दोनों के बीच अफेयर और शशांक को रास्ते से हटाने की साजिश बताई है.
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक शशांक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. शशांक के भाई की शिकायत पर प्रताप सिंह और प्रिया शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है. पुलिस दोनों की भूमिका की और गहनता से जांच कर रही है.

झांसी: बैंक मैनेजर से 3 महीने पहले हुई थी शादी, अब होटल के दरवाजे पर गिरकर हुई मौत, पिता ने दामाद पर लगाया हत्या का
रील में ‘करोड़पति’ और असलियत में ठग! दिल्ली पुलिस की करीब 20 महिला पुलिसकर्मी बागपत के विक्रांत के झांसे में
