पिथौरागढ़: जौलजीबी मेले में भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी, CM धामी को दे डाली धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती, जानें मंच से और क्या कहा?

Jhauljibi Mela Harish Dhami Controversy: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रवाना होते ही कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच से नाराजगी जताई. उन्होंने माइक बंद करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी. भाजपा ने भी पलटवार किया.

ADVERTISEMENT

जौलजीबी मेले में CM धामी के जाते ही भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी
जौलजीबी मेले में CM धामी के जाते ही भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी
Google CTA

Jhauljibi Mela Harish Dhami Controversy: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह शनिवार को राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की. इस दौरान माइक बंद होने पर वह भड़क गए और साउंड सिस्टम संभाल रहे लोगों की ओर दौड़ पड़े. मौके पर धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई. बाद में विधायक ने दोबारा मंच से सरकार पर निशाना साधा और मुख्यमंत्री को चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे दी.

मुख्यमंत्री के जाते ही मंच पर पहुंचे विधायक

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना हो गए. इसके बाद मेले की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी अपने समर्थकों के साथ मंच पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया. विधायक का आरोप था कि उन्हें मेले की अध्यक्षता की जिम्मेदारी तो दी गई, लेकिन कार्यक्रम के दौरान अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला. उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से चले जाने पर भी नाराजगी जाहिर की.

माइक बंद हुआ तो साउंड सिस्टम की तरफ दौड़े विधायक

हरीश सिंह धामी जब मंच से अपनी बात रख रहे थे, तभी उनके माइक का ऑडियो बंद हो गया. इससे विधायक नाराज हो गए और साउंड सिस्टम संभाल रहे लोगों की तरफ दौड़ पड़े. इस दौरान उनके और साउंड सिस्टम से जुड़े लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई. तोड़फोड़ और मारपीट की भी बात सामने आई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की.

दोबारा मंच पर पहुंचे, मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

हंगामे के बाद विधायक एक बार फिर मंच पर पहुंचे और माइक लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन्हें पहले से जानते थे, लेकिन आज उन्हें देख भी लिया. विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक की बात सुने बिना ही कार्यक्रम समाप्त कर दिया. उन्होंने करीब 10 मिनट तक मंच से सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की. हालांकि, बाद में हरीश धामी ने कार्यक्रम में हुए हंगामे और तोड़फोड़ के लिए जनता से माफी भी मांगी. उन्होंने कहा कि यह जनता के अधिकारों की बात थी, इसलिए वह खुद को रोक नहीं पाए. इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से खेद जताया.

CM धामी को चुनाव लड़ने की चुनौती

अपने संबोधन के दौरान हरीश सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सीधे चुनावी चुनौती भी दी. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी उन्हें अनुमति देती है तो वह मुख्यमंत्री के खिलाफ उसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से पुष्कर सिंह धामी मैदान में उतरेंगे. विधायक ने दावा किया कि वह चुनाव में मुख्यमंत्री को हरा देंगे. उनके इस बयान के बाद मेले में हुआ विवाद राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया.

2022 की घोषणाओं को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

हरीश धामी ने अपने संबोधन में जौलजीबी मेले से जुड़ी पुरानी घोषणाओं का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने साल 2022 में मेले के मंच के सौंदर्यीकरण और यहां सड़क बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक ये काम पूरे नहीं हुए हैं. विधायक ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए. इसके अलावा उन्होंने कनार गांव के लोगों के धरने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को वहां के लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए था. उन्होंने मांग की कि सरकार की ओर से किसी प्रतिनिधि को भेजकर धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कराई जाए. विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री जनता की समस्याएं सुने बिना ही कार्यक्रम से चले गए.

भाजपा बोली- हार के डर से बौखलाए हैं विधायक

इस पूरे विवाद पर बीजेपी जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि वह पिथौरागढ़ समेत पूरे उत्तराखंड के विकास के लिए काम कर रहे हैं. रघुवीर सिंह ने मेले में विधायक के व्यवहार और मंच से इस्तेमाल की गई भाषा को निंदनीय बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि हरीश धामी ने पांच साल में अपने विधानसभा क्षेत्र में कोई काम नहीं किया. इसी वजह से वह हार के डर से बौखलाए हुए हैं. बीजेपी नेता ने कहा कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने की संभावना से कांग्रेस विधायक परेशान हैं. उन्होंने दावा किया कि इस बार धारचूला विधानसभा सीट से भाजपा का विधायक जीतकर आएगा.

कौन हैं हरीश सिंह धामी?

हरीश सिंह धामी उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और उनकी राजनीति मुख्य रूप से धारचूला और पिथौरागढ़ क्षेत्र से जुड़ी रही है. वह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं. साल 2012 में पहली बार धारचूला से विधायक चुने गए थे. 2014 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए अपनी विधानसभा सीट छोड़ दी थी, जिसके बाद हरीश रावत यहां से उपचुनाव जीतकर विधायक बने. इसके बाद हरीश धामी को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया और उन्हें कैबिनेट मंत्री स्तर का दर्जा मिला. साल 2017 में वह दूसरी और 2022 में तीसरी बार धारचूला से विधायक चुने गए. हालांकि, वह कई बार अपनी ही पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर कर चुके हैं. जनवरी 2020 में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में सचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था. उस समय उन्होंने पार्टी में मेहनती कार्यकर्ताओं और विधायकों की अनदेखी का आरोप लगाया था.

इनपुट: राकेश पंत

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में फिर खिलेगा कमल या लौटेगी कांग्रेस? Vote Vibe के सर्वे ने बताया जनता का मूड!