35 मिनट में चार्ज, 1080KM तक रेंज! भारत आ रही BYD की नई Hybrid कार, Tata-Mahindra की बढ़ेगी टेंशन!
न्यूज तक डेस्क
• 03:37 PM • 10 Sep 2026
BYD भारत में अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV Seal U की टेस्टिंग कर रही है. इसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और 18.3kWh बैटरी मिलेगी. SUV इलेक्ट्रिक मोड में 126KM तक चल सकती है. हाइब्रिड सिस्टम की कुल रेंज 1080KM तक बताई गई है. इसकी संभावित कीमत 45-50 लाख रुपये हो सकती है.
ADVERTISEMENT


1/6
|
भारतीय कार बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ अब प्लग-इन हाइब्रिड कारों की भी एंट्री तेज हो रही है. कंपनियां ऐसे मॉडल पर दांव लगा रही हैं, जिनमें इलेक्ट्रिक मोटर के साथ पेट्रोल इंजन भी मिलता है. इसी कड़ी में BYD भारत में अपनी नई प्लग-इन हाइब्रिड SUV लाने की तैयारी कर रही है. BYD Seal U Plug-in Hybrid SUV को हाल ही में भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. खास बात यह है कि इस साल दूसरी बार इस SUV की टेस्टिंग सामने आई है. ऐसे में माना जा रहा है कि कंपनी भारतीय बाजार के लिए इस मॉडल पर गंभीरता से काम कर रही है.


2/6
|
भारत में BYD की पहली प्लग-इन हाइब्रिड कार हो सकती है
BYD ने अभी तक भारत में मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक कारों पर फोकस किया है. अब कंपनी हाइब्रिड सेगमेंट में कदम रखने की तैयारी में है. Seal U Plug-in Hybrid को भारत में कंपनी की पहली PHEV कार के तौर पर उतारा जा सकता है. कुछ इंटरनेशनल मार्केट में यही SUV Sealion 6 नाम से भी बेची जाती है. इसका साइज करीब-करीब Mahindra XEV 9e के बराबर है. SUV की लंबाई 4,775 mm, चौड़ाई 1,890 mm और ऊंचाई 1,670 mm है. इसका व्हीलबेस 2,765 mm है.
ADVERTISEMENT


3/6
|
पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन
BYD Seal U में कंपनी की DM-i Super Hybrid Technology मिलने की उम्मीद है. यह BYD का अपना प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम है. इसमें 1.5 लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर, स्टार्टर जनरेटर और बैटरी पैक दिया जाता है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह SUV फ्रंट-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव दोनों विकल्पों में उपलब्ध है. इसके पावरट्रेन का आउटपुट वेरिएंट के हिसाब से 323 hp तक और टॉर्क 550 Nm तक पहुंचता है.


4/6
|
इलेक्ट्रिक मोड में 126KM तक की रेंज
BYD Seal U Plug-in Hybrid में 18.3 kWh का बैटरी पैक मिलता है. इंटरनेशनल स्पेसिफिकेशन के अनुसार यह SUV इलेक्ट्रिक मोड में 126 km तक की क्लेम्ड रेंज दे सकती है. बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 35 मिनट लगते हैं. वहीं पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक सिस्टम को मिलाकर इसकी कुल क्लेम्ड रेंज 1,080 km तक बताई गई है. हालांकि भारत में लॉन्च से पहले कंपनी कार में कुछ बदलाव कर सकती है. भारतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पावरट्रेन को री-इंजीनियर किए जाने की संभावना है. ऐसे में अंतिम रेंज और पावर इंटरनेशनल मॉडल से अलग हो सकती है.
ADVERTISEMENT


5/6
|
कैसे काम करती है BYD की DM-i टेक्नोलॉजी?
BYD का DM-i सिस्टम इलेक्ट्रिक ड्राइविंग को प्राथमिकता देता है. सामान्य परिस्थितियों में SUV ज्यादा समय इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से चलती है. पेट्रोल इंजन कई स्थितियों में सीधे पहियों को चलाने के बजाय बैटरी चार्ज करने के लिए जनरेटर की तरह काम करता है. जब ज्यादा पावर की जरूरत होती है, तब इंजन सीधे पहियों तक पावर पहुंचा सकता है. सिस्टम जरूरत के हिसाब से इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड मोड के बीच अपने आप बदलाव करता है. इससे रोजमर्रा की ड्राइविंग में इलेक्ट्रिक कार जैसा अनुभव और लंबी दूरी के सफर में पेट्रोल इंजन का फायदा मिल सकता है.


6/6
|
Tata और Mahindra के लिए कितनी बड़ी चुनौती?
भारत में इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata Motors और Mahindra की मजबूत मौजूदगी है. ऐसे समय में अगर प्लग-इन हाइब्रिड SUV की मांग बढ़ती है, तो दोनों कंपनियों के लिए एक नया मुकाबला खड़ा हो सकता है. हालांकि BYD Seal U के मामले में कीमत बड़ी चुनौती बन सकती है. कंपनी अगर इसे भारत में लोकली मैन्युफैक्चर नहीं करती है और इसे इंपोर्ट के जरिए लाती है, तो इसकी कीमत ज्यादा रहने की संभावना है. रिपोर्ट्स और मौजूदा अनुमानों के मुताबिक BYD Seal U Plug-in Hybrid को भारत में करीब 45 लाख से 50 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत के आसपास उतारा जा सकता है. कंपनी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक कीमत और लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल भारत में प्लग-इन हाइब्रिड सेगमेंट शुरुआती दौर में है. JSW MG ने Hector Tomahawk के साथ इस दिशा में कदम बढ़ाया है. अब BYD की एंट्री से इस सेगमेंट में मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है.
ADVERTISEMENT










