'मैं घर पर अकेला हूं आ जाओ...' रीवा में नगर परिषद के CMO का कथित ऑडियो वायरल, महिला ऑपरेटर को घर बुलाने का आरोप

हरिओम सिंह

• 01:21 PM • 16 Sep 2026

Rewa Viral Audio Case: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट नगर परिषद के सीएमओ का एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ कथित ऑडियो वायरल हुआ है. ऑडियो में महिला पर अकेले घर आने का दबाव बनाया जा रहा है. कलेक्टर की जांच में दोषी पाए जाने के बाद सीएमओ के निलंबन का प्रस्ताव भेजा गया है.

महिला ऑपरेटर को घर बुलाने वाले CMO पर एक्शन (प्रतिकात्मक फोटो)
महिला ऑपरेटर को घर बुलाने वाले CMO पर एक्शन (प्रतिकात्मक फोटो)
Google CTA

Rewa Chakghat CMO Viral Audio Case: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां चाकघाट नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) का एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ कथित फोन कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऑडियो में अधिकारी महिला कर्मचारी पर अकेले अपने घर आने का दबाव बनाते हुए सुनाई दे रहे हैं. मामला कलेक्टर तक पहुंचने के बाद एसडीएम जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं, जिसके बाद सीएमओ के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर को भेज दिया गया है. हालांकि, न्यूज़ तक इस कथित ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.

Read more!

कथित फोन बातचीत में घर आने का दबाव

सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो में सुना जा सकता है कि अधिकारी महिला से कह रहे हैं, "कल हम 9:00 बजे आपका इंतजार करेंगे." जब महिला संकोच जताते हुए कहती है कि लोग देख लेंगे या परिवार वाले पूछेंगे, तो सामने से अधिकारी कहते हैं, "हमारे घर में कोई नहीं रहता, सब दूर हैं. अकेला मेरा घर है, आसपास किसी का घर नहीं है. ड्राइवर के साथ आ जाना, किसी को हवा भी नहीं लगेगी." महिला जब लोक अदालत और काम का हवाला देती है, तो अधिकारी उसे नौकरी और पैसों का भरोसा दिलाते हुए हर हाल में घर आने का दबाव डालते हैं.

यह पढ़ें: इंदौर: पत्नी पर 5 शादियां छिपाकर छठी शादी करने का आरोप, शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा पति... जानें कैसे खुला पूरा राज?

नौकरी से निकालने और सैलरी रोकने का आरोप

पीड़ित महिला ऑपरेटर ने आरोप लगाया है कि जब उसने सीएमओ की अनुचित मांग मानने से इनकार कर दिया, तो उसे नौकरी से निकालने की धमकियां दी गईं. महिला का कहना है कि सीएमओ ने बैक डेट में पत्र जारी कर उसे नौकरी से हटा दिया और जून 2026 से उसकी ऑनलाइन उपस्थिति आईडी भी बंद कर दी. इसके अलावा, पिछले 6 महीने से वेतन न देने और लगभग ढाई साल से ईपीएफ (EPF) राशि खाते में जमा न करने के संगीन आरोप भी लगाए गए हैं.

सीएमओ ने बताया साजिश और षड्यंत्रविवाद बढ़ने पर चाकघाट नगर परिषद के सीएमओ मीडिया के सामने आए और सभी आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने दावा किया कि महिला उन्हें फंसाने और बदनाम करने के लिए यह झूठा ऑडियो बनाकर वायरल कर रही है. सीएमओ का कहना है कि महिला को पूर्व में शासकीय कार्यों में लापरवाही और नोटिस के आधार पर हटाया गया था, जिसका बदला लेने के लिए वह यह षड्यंत्र रच रही है. उन्होंने फोन पर किसी भी प्रकार की बातचीत होने से साफ इनकार किया.

यह पढ़ें: इंदौर: लिव-इन पार्टनर की शिकायत करने थाने जा रही थी युवती, रास्ते में बॉयफ्रेंड ने रोककर किया हमला, 3 साल के रिश्ते में आखिर क्या हुआ?

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश, निलंबन का भेजा प्रस्ताव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित महिला रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के पास पहुंची. कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम से इस पूरे मामले की जांच कराई. प्राथमिक जांच में एसडीएम ने पुष्टि की कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज प्रथम दृष्टया सीएमओ की ही है.

रीवा कलेक्टर ने बताया कि प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय (कमिश्नर) को भेज दिया गया है और सीएमओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा निलंबन की सिफारिश की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की पुलिस के माध्यम से तकनीकी (वॉइस सैंपल) जांच भी कराई जाएगी और शासकीय सेवा में इस तरह की अशिष्टता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

यह भी पढ़ें: इंदौर में होटल के रूम नंबर 101 में 40 मिनट तक क्या हुआ? सोनीला शर्मा की मौत के बाद कथित प्रेमी दीपक ने पुलिस को बताई ये कहानी