धोनी के सबसे बड़े साथी ने छोड़ा CSK का साथ, बोले- टीम हमेशा दिल के करीब रहेगी

न्यूज तक डेस्क

13 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 13 2026 1:49 PM)

चेन्नई सुपर किंग्स और उनके मुख्य कोच ने आपसी सहमति से अपने ऐतिहासिक 18 साल पुराने सफर को समाप्त करने का फैसला किया है.

Google CTA
1.

1/6

|

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास से आज एक बेहद भावुक और बड़ी खबर सामने आई है. क्रिकेट जगत की सबसे कामयाब और भरोसेमंद जोड़ियों में से एक- चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और उनके हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग—ने अब अपनी राहें अलग कर ली हैं. दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से इस 18 साल पुराने सफर को यहीं रोकने का फैसला किया है. बताया जा रहा है कि यह फैसला अचानक नहीं, बल्कि मैनेजमेंट और फ्लेमिंग के बीच कई दौर की गंभीर और सकारात्मक बातचीत के बाद पूरे सम्मान के साथ लिया गया है.

2.

2/6

|

स्टीफन फ्लेमिंग और CSK का यह नाता साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान शुरू हुआ था, जब वे एक खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़े थे. इसके ठीक अगले साल यानी 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की कमान संभाली. तब से लेकर अगले 17 सालों तक फ्लेमिंग ने न सिर्फ टीम को संभाला, बल्कि CSK को दुनिया की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली और सम्मानित क्रिकेट फ्रेंचाइजी में तब्दील कर दिया.
 

3.

3/6

|

फ्लेमिंग का बतौर कोच रिकॉर्ड किसी सपने जैसा रहा है. उनकी देखरेख में चेन्नई सुपर किंग्स ने कामयाबी के नए झंडे गाड़े. टीम ने 5 बार आईपीएल (IPL) का खिताब अपने नाम किया. 2 बार चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) की चमचमाती ट्रॉफियां जीतीं. रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार फाइनल खेलने का गौरव हासिल किया.

4.

4/6

|

इस विदाई पर टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ ने बेहद भावुक संदेश दिया. उन्होंने कहा, "स्टीफन फ्लेमिंग सिर्फ एक कोच नहीं थे, बल्कि शुरुआत से ही हमारी पूरी फ्रेंचाइजी की धड़कन रहे हैं. बीते दो दशकों में उन्होंने जिस तरह से टीम के कल्चर और जीत की सोच को गढ़ा है, वो अद्भुत है. मैदान पर भले ही यह सफर थम रहा हो, लेकिन सुपर किंग्स के इतिहास में उनका नाम हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा रहेगा."
 

5.

5/6

|

वहीं, CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने फ्लेमिंग की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ मैच जीतना नहीं, बल्कि टीम को एक परिवार की तरह चलाना सिखाया. उन्होंने कहा, "फ्लेमिंग की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि वे हर खिलाड़ी की क्षमता को पहचानते थे और उनसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर लाते थे. उनका योगदान मैदान से कहीं बड़ा है और उनके साथ काम करना हमारे लिए गर्व की बात रही."
 

6.

6/6

|

अपनी विदाई पर खुद न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग भी भावनाओं को रोक नहीं पाए. उन्होंने कहा, "खेल की दुनिया में 18 साल का वक्त एक पूरी जिंदगी जीने जैसा होता है. मैं चेन्नई सुपर किंग्स से विदा लेते हुए बेहद आभारी महसूस कर रहा हूँ. इस फ्रेंचाइजी को कोच करना मेरे करियर का सबसे बड़ा सम्मान है. हमने साथ में जीत का जश्न भी मनाया और मुश्किल वक्त का सामना भी किया. CSK हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेगी और मैं हमेशा दूर से भी इस टीम को चीयर करता रहूँगा."

यह भी पढ़ें...