'प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखता था बेटा...' 8 महीने से लापता बेटे को ढूंढते हुए आश्रम पहुंचीं महाराष्ट्र की उज्ज्वला, रोते हुए बताई पूरी कहानी

मदन गोपाल शर्मा

• 07:50 PM • 04 Oct 2026

Radha Keli Kunj Ashram Mathura Controversy: मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया. हाथरस, कासगंज और महाराष्ट्र से आए परिवारों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे महीनों से गायब हैं और आश्रम प्रशासन उन्हें मिलने नहीं दे रहा है.

प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर परिजनों का भारी बवाल
प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर परिजनों का भारी बवाल
Google CTA

Premanand Maharaj Ashram Controversy: संत प्रेमानंद महाराज के मथुरा स्थित 'श्री हित राधा केलि कुंज' आश्रम के बाहर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया. अलग-अलग राज्यों से आए कई परिवार हाथों में अपने बच्चों की तस्वीरें लेकर आश्रम के मुख्य द्वार पर पहुंचे और प्रदर्शन किया. इन परिवारों का आरोप है कि उनके बच्चे आश्रम से जुड़े होने के बाद लापता हैं और उन्हें अपने बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है. यह पूरा विवाद 25 सितंबर को आश्रम से जुड़े रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के बाद और गरमा गया है. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है.

Read more!

'मां से बढ़कर कोई भगवान नहीं होता' बिलख पड़ीं उज्ज्वला

इस बीच, अपने बेटे की तलाश में महाराष्ट्र के संभाजीनगर से आश्रम पहुंचीं उज्ज्वला नाम की महिला ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया. उनका कहना है कि उनका बेटा ओम परमेश्वर पिछले 8 महीनों से लापता है. महिला के मुताबिक, उनका बेटा प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखता था और धीरे-धीरे उनके जैसा रहन-सहन अपनाने लगा था.

उज्ज्वला का आरोप है कि वह पुलिस को साथ लेकर आश्रम के अंदर गई थीं. वहां संतों ने उनके पैर छुए और उनसे कहा कि उनका बेटा ठीक है. महिला के मुताबिक, इसके बाद उन्हें करीब 3 घंटे तक गंगा किनारे बैठाए रखा गया, लेकिन बेटे से मिलने नहीं दिया गया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "ऐसा कौन सा आश्रम है, जहां मां को अपने बेटे से मिलने नहीं दिया जाता?"

कासगंज और मथुरा से भी पहुंचे पीड़ित परिवार

उज्ज्वला के अलावा कासगंज की आवास विकास कॉलोनी से 16 वर्षीय मयंक के परिजन भी आश्रम पहुंचे. मयंक 7 अगस्त को प्रेमानंद महाराज के दर्शन की बात कहकर घर से निकला था और तब से लापता है. इसी तरह मथुरा के देवी आर्ट्स निवासी एक अन्य परिवार का बेटा भी गायब बताया जा रहा है.

यह पढ़ें: शिष्य दीपक लोधी की मौत पर प्रेमानंद महाराज के ट्रस्ट का 9 दिन बाद आया पहला आधिकारिक बयान, कही ये बात

हाथरस का अनुज बरामद, पोशाक बदली मिली

बवाल के बीच पुलिस प्रशासन हरकत में आया. बरसाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर हाथरस के लापता अनुज को एक अन्य आश्रम से बरामद कर लिया. अनुज की पोशाक पूरी तरह बदली हुई थी, उसने साधु के कपड़े पहने थे, गले में माला और माथे पर चंदन लगा हुआ था.

आश्रम समर्थकों का दावा - महाराज जी को बदनाम करने की साजिश

दूसरी ओर, आश्रम के बाहर जमा हुए प्रेमानंद महाराज के समर्थकों और सेवकों ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. सेवकों की परिजनों से तीखी बहस भी हुई. समर्थकों का कहना है कि प्रेमानंद महाराज की बढ़ती लोकप्रियता से जलने वाले लोग आश्रम को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश रच रहे हैं.

यह पढ़ें: दीक्षा बंद, टोकन सिस्टम खत्म... प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में बदले नियम, अब कैसे होंगे दर्शन?

राधा केलि कुंज ट्रस्ट का आधिकारिक बयान

बढ़ते विवाद को देखते हुए राधा केलि कुंज ट्रस्ट प्रबंधन ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर अपील जारी की है. ट्रस्ट ने कहा कि रसिक दुलारी की मौत से पूज्य महाराज जी और समस्त अनुयायी अत्यंत आहत हैं. ट्रस्ट पुलिस प्रशासन की जांच में पूरा सहयोग कर रहा है. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि बिना किसी पुख्ता जानकारी या अफवाहों के आधार पर पूज्य महाराज जी और आश्रम की छवि धूमिल न करें. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: कमरे में ग्राइंडर और...कहां से आया? प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की मौत पर परिजनों ने पुलिस की थ्योरी पर उठाए सवाल