प्रयागराज: सपा नेता पवन यादव मर्डर केस में बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार, सामने आई पुरानी रंजिश की कहानी

पंकज श्रीवास्तव

• 11:24 AM • 17 Sep 2026

Prayagraj Pawan Yadav murder Case: प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस मुठभेड़ में दो शूटरों के पैर में गोली लगी है. वहीं मास्टरमाइंड प्रधानपति विनोद यादव समेत 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

सपा नेता मर्डर केस में 4 आरोपी गिरफ्तार
सपा नेता मर्डर केस में 4 आरोपी गिरफ्तार
Google CTA

Prayagraj SP Leader Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया. पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, इस मामले के मास्टरमाइंड समेत कुल चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. यह वारदात 15 सितंबर की शाम प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में हुई थी. पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की जांच में जुटी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई.

Read more!

चाय पीते वक्त ताबड़तोड़ चलाई थीं गोलियां

15 सितंबर की शाम लगभग 5:30 बजे सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव एक कैफे के पास खड़े होकर चाय पी रहे थे. उसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश शूटर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा और मौके पर ही पवन यादव की मौत हो गई.

घटना के बाद पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा था, जिसमें तीनों आरोपी एक ही बाइक पर बैठकर भागते हुए साफ नजर आ रहे थे. मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी थीं.

5 लाख की सुपारी देकर कराई गई हत्या का दावा

पुलिस तफ्तीश में जो खुलासा हुआ कि उसने सभी को हैरान कर दिया. इस पूरी हत्या का मास्टरमाइंड वर्तमान ग्राम प्रधानपति विनोद कुमार यादव निकला. पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार यादव और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव के बीच पुरानी राजनीतिक और चुनावी रंजिश चल रही थी. दोनों ही आगामी चुनाव की तैयारी में जुटे थे.

इसी रंजिश के चलते विनोद कुमार यादव ने पवन यादव को रास्ते से हटाने के लिए गांव के ही लल्ला उर्फ जितेंद्र यादव, बृजेश यादव और निहाल अहमद को 5 लाख रुपये का लालच देकर हत्या की सुपारी दी थी. सुपारी लेने वाले लल्ला यादव की भी पवन यादव से पुरानी निजी दुश्मनी थी.

यह पढ़ें: बाराबंकी: थाने के अंदर भिड़े दो सिपाही, जमकर चले लात-घूंसे, जानें आखिर क्या थी मारपीट की वजह?

यह पढ़ें: वाराणसी: हॉस्टल के बेड पर अकड़ी मिली यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर गौतम की बॉडी, कमरे में मिला ये सब सामान, आखिर क्या हुआ?

पुलिस मुठभेड़ में दो शूटरों के पैर में लगी गोली

पुलिस की टीम को जसवा की तरफ नहर रोड के पास बाकी बचे आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई (एनकाउंटर) में दो शातिर अपराधी लल्ला यादव उर्फ जितेंद्र यादव और निहाल अहमद के पैर में गोली लग गई.

दोनों घायल बदमाशों को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. वहीं मास्टरमाइंड विनोद कुमार यादव और सहयोगी बृजेश यादव को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: 'बुआ बचाओ, मैं तो मर गई...' लखनऊ में बोनट पर लटकी रही अनामिका, स्पीड बढ़ाता रहा शाहनवाज, जानें उसने क्यों किया ऐसा?