ताइक्वांडो खिलाड़ी मामले में रिश्वत के दावे का सच क्या है? खुद छात्रा ने बताई पूरी बात

अंकित शर्मा

13 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 13 2026 4:36 PM)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा संवाद कार्यक्रम में ताइक्वांडो खिलाड़ी छात्रा के मामले का सच सामने आया है. रिश्वत मांगने के दावों पर छात्रा और उसके स्कूल के प्रिंसिपल ने क्या कहा ?

NewsTak
छात्रा ने खुद वीडियो जारी कर बताई पूरी बात.
Google CTA

Taekwondo Saira news:  'मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन' कार्यक्रम के दौरान CNI गर्ल्स कॉलेज में पढ़ रही एक छात्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने ताइक्वांडो की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लगभग डेढ़ लाख रुपये की जरूरत को लेकर अपनी बात रखी थी. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को रिश्वत के चश्मे से देखा गया तो छात्रा ने खुद वीडियो जारी कर कहा कि वो भावुक हो गई और पूरी बात नहीं बता सकी जिससे गलत समझा गया.

Read more!

इस मामले पर ऐसे दावा किया जा रहा है जैसे किसी सरकारी अधिकारी द्वारा छात्रा से रिश्वत की मांग की गई हो, जबकि बात कुछ और ही है. आधिकारिक तथ्यों के मुताबिक छात्रा जिस अमाउंट का जिक्र किया वो प्रतियोगिता में भाग लेने में खर्च होने वाले अमाउंट का वो हिस्सा था जिसे उसे खुद पे करना था. 

कांग्रेस का रिश्वत मांगने का आरोप 

कांग्रेस ने सायरा की बातों का मतलब यह निकाला कि इंटरनेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उससे 1.5 लाख रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे गए थे. X पर एक पोस्ट में, पार्टी ने BJP सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और दावा किया कि नेशनल लेवल पर जीतने के बावजूद छात्रा को इंटरनेशनल लेवल पर मुकाबला करने से रोका गया. 

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बाद में सरकार, मुख्यमंत्री और BJP के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. हालांकि, सायरा ने कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए 1.5 लाख रुपये को स्पष्ट रूप से रिश्वत नहीं कहा और न ही किसी ऐसे व्यक्ति का नाम लिया जिसने कथित तौर पर पैसे मांगे थे.

छात्रा ने वीडियो जारी कर बताई पूरी बात

इधर छात्रा सायरा ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा कि वह मुख्यमंत्री के सामने अपनी पूरी बात नहीं कह पाई थी.  वीडियो में उसने कहा कि वह नेशनल चैंपियनशिप के लिए जम्मू गई थी और उसे रोमानिया में होने वाले एक इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए चुना गया था. उसने बताया कि इवेंट से जुड़ी संस्था लगभग 1.70 लाख रुपये का खर्च उठाने को तैयार थी, जबकि बाकी 1.5 लाख रुपये का इंतजाम उसे खुद करना था. शायरा ने कहा कि उसने इस मौके के बारे में अपने स्कूल या किसी और को नहीं बताया था, इसलिए वह बाकी पैसे का इंतजाम नहीं कर सकी और रोमानिया नहीं जा पाई. 

क्या था पूरा मामला? 

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने शिक्षा, खेल और युवाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए. युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा सायरा ने मुख्यमंत्री के सामने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए लगभग डेढ़ लाख रुपये की जरूरत का विषय रखा था. 

निजी संस्था के जरिए लेना था प्रतियोगिता में हिस्सा

मामले को लेकर प्रदेश सरकार की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि छात्रा 'ताइक्वांडो काउंसिल ऑफ इंडिया' (Taekwondo Council of India) नाम की एक निजी संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण ले रही थी. इसी निजी संस्था द्वारा उसका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था. यह मामला किसी सरकारी चयन प्रक्रिया या सरकारी खेल संघ से जुड़ा नहीं था. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और यात्रा का कुल खर्च लगभग ₹3.70 लाख था.

संबंधित निजी संस्था ने छात्रा को सहयोग देते हुए लगभग ₹1.70 लाख का खर्च खुद उठाने का आश्वासन दिया था. बाकी बचे ₹1.50 लाख से ₹1.60 लाख की व्यवस्था प्रतिभागी (छात्रा) को स्वयं करनी थी. 

CNI गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल ने क्या कहा ?

CNI Girls Inter College की प्रधानाचार्य रेबेका सिंह ने बताया कि सायरा उनके विद्यालय की छात्रा हैं. उन्होंने बताया कि सायरा जिन प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रही थीं, वह निजी स्तर पर था. इसमें सरकार की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा कि सायरा ने जिन प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है, वे सभी निजी स्तर की प्रतियोगिताएं थीं. विद्यालय ने सायरा से संबंधित पूरी जानकारी सरकार को उपलब्ध करा दी है. मुख्य शिक्षा अधिकारी ने भी सायरा से बातचीत की है. उन्होंने कहा कि आगे की पढ़ाई और खेल गतिविधियों के लिए सायरा को जिस भी तरह की सुविधा और सहयोग की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराने में विद्यालय और संबंधित विभाग सहयोग करेंगे. 

'बचा लो उसे छोटा भाई है मेरा...5 लाख रुपए दूंगा' गिड़गिड़ाते युवक का वीडियो वायरल, अब टिहरी की ये पूरी कहानी पता चली

चमोली: तमक नाले का रौद्र रूप, देखते ही देखते बह गया नया पुल, देखें Video