Gold-Silver Price Crash: सोना हुआ सस्ता और रिकॉर्ड हाई से 2 लाख रुपए तक टूटी चांदी, जानें आज का लेटेस्ट रेट
न्यूज तक डेस्क
• 01:55 PM • 16 Jul 2026
Gold-Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई. MCX पर चांदी का भाव 2.20 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे फिसल गया, जबकि सोना भी प्रति 10 ग्राम 815 रुपये तक सस्ता हो गया. जनवरी 2026 के रिकॉर्ड हाई से चांदी करीब 2 लाख रुपये और सोना लगभग 60 हजार रुपये तक टूट चुका है. जानिए आज का लेटेस्ट गोल्ड- सिल्वर रेट.
ADVERTISEMENT


1/7
|
सोने और चांदी, दोनों ही धातुओं के भाव ने निवेशकों के साथ-साथ आम लोगों की धड़कनें बढ़ा रखी है. सोने-चांदी में लगातार जारी उतार-चढ़ाव के बीच मार्केट में मानिए भूचाल सा आया हुआ है. सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को भी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज(MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के दाम भारी गिरावट के साथ खुले. बाजार खुलते ही सोने और चांदी के निवेशकों को बड़ा झटका लगा और दोनों ही धातुओं की कीमतों में लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत हुई.


2/7
|
चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, 2.20 लाख के नीचे आया भाव
गुरुवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई. MCX पर 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव फिसलकर 2.20 लाख रुपये के स्तर से नीचे आ गया. बुधवार को यह कीमती धातु 2,20,620 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जो गुरुवार को ओपनिंग के साथ ही 1,671 रुपये प्रति किलो टूटकर सीधे 2,18,949 रुपये पर आ गई.
ADVERTISEMENT


3/7
|
अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 2 लाख रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी में पिछले कुछ समय से रोजाना आ रही गिरावट के कारण यह अपने उच्चतम स्तर (High Level) से काफी नीचे आ चुकी है. जनवरी 2026 में चांदी ने MCX पर 4,20,048 रुपये प्रति किलो का अपना ऐतिहासिक हाई लेवल छुआ था. लेकिन गुरुवार को आई इस नई गिरावट के बाद चांदी अब अपने उस लाइफ-टाइम हाई से करीब 2,01,099 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है.


4/7
|
चांदी के साथ सोना भी फिसला, प्रति 10 ग्राम 815 रुपए की कमजोरी
गुरुवार को कमोडिटी वायदा बाजार में सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि बहुमूल्य धातु सोना भी धड़ाम हो गया. 5 अगस्त की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव पिछले कारोबारी दिन (बुधवार) 1,41,850 रुपये पर बंद हुआ था. गुरुवार को बाजार खुलने पर इसमें सीधे 815 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई, जिससे सोने का भाव टूटकर 1.41 लाख रुपये के स्तर पर आ गया.
ADVERTISEMENT


5/7
|
रिकॉर्ड हाई से 60,000 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है सोना
चांदी की ही तरह जनवरी महीने में सोने की कीमतों में भी ताबड़तोड़ तेजी देखी गई थी, जिसके बाद यह अपने लाइफ-टाइम हाई पर पहुंचा था. बीते 29 जनवरी को 24 कैरेट सोने ने पहली बार इतिहास रचते हुए 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आंकड़े को पार किया था. मगर अब लगातार हो रही गिरावट के बाद, सोना अपने उस रिकॉर्ड स्तर से करीब 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता बिक रहा है.


6/7
|
इस हफ्ते सोना और चांदी दोनों में आई इतनी गिरावट
चालू कारोबारी हफ्ते में सोने और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, लेकिन इसके बावजूद दोनों धातुओं के ग्राफ में गिरावट ही दर्ज की गई है. बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी 10 जुलाई को चांदी 2,22,664 रुपये पर क्लोज हुई थी, जो अब तक 3,715 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है. वहीं इसी के दौरान सोना भी 1,43,478 रुपये के स्तर से 2,478 रुपये प्रति 10 ग्राम तक कमजोर हुआ है.
ADVERTISEMENT


7/7
|
सोने-चांदी के दामों में गिरावट की मुख्य वजहें
बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में आ रही इस बड़ी गिरावट के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण माने जा रहे हैं:
मजबूत अमेरिकी डॉलर: फेडरल रिजर्व से मिले संकेतों के बाद वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में मजबूती आई है. अक्सर जब भी डॉलर मजबूत होता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतें गिरने लगती हैं.
मुनाफावसूली: पिछले कुछ समय में सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर (All-Time High) पर पहुंच गई थीं. दामों में आई इस ऐतिहासिक तेजी का फायदा उठाने के लिए बड़े निवेशकों और ट्रेडर्स ने बाजार में भारी मुनाफावसूली की, जिसके चलते कीमतों में यह बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है.










