"बड़े शौक से बनाया था अपने दिल में तुम्हारे लिए घर...जब रहने की बारी आई तो तुमने ठिकाना ही बदल लिया." ये शेर कुछ हद तक ही प्रियंका की खतरनाक अदाओं से मेल खाती हैं क्योंकि उसने केवल ठिकाना ही नहीं बदला बल्कि उस घर और घरवाले को भी तबाह कर दिया. इस हत्याकांड में अब खुलासे दर खुलासे हो रहे हैं. मामले में एक वीडियो सामने आया है जिसमें बेडरुम में प्रियंका पति और सास से बहस करती हुई देखी जा सकती है. एक वीडियो में तो वो चेतावनी देते हुए भी नजर आ रही है.
ADVERTISEMENT
मृतक मिर्च व्यापारी देवकृष्ण की बहन ज्योति ने भाभी प्रियंका की जो सच्चाई बताई उससे जुड़े वीडियो सामने आ गए हैं. प्रियंका पूरे परिवार से उलझते हुए दिखाई दे रही है. उसकी हरकतों का वीडियो ज्योति शूट कर रही है तब प्रियंका पहले वॉर्न करती है फिर उसकी तरफ तेजी से लपकती है और मोबाइल छीन लेती है. एक दूसरे वीडियो में प्रियंका अपने पति और सास से उलझती देखी जा रही है.
बेडरुम में दो बिस्तर...पति से दूरी बनाए रखती थी प्रियंका
एक वीडियो में प्रियंका की आवाजें आ रहा हैं. वो पति और सास से उलझ रही है. पति और सास दिख रहे हैं. इस वीडियो में देवकृष्ण पूछता है कि तुम फोन पर किससे बात कर रही थी. तुमने मेरा कॉलर पकड़ा. तब प्रियंका ने इनकार कर दिया. देव ने अपना कॉलर पकड़कर बताया कि ऐसे पकड़ने को क्या कहते हैं. इन चर्चाओं में कमरे में दो बिस्तर दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था. तब डबल बेड पर प्रियंका सोती थी. कई बार विवाद के चलते जमीन पर बिस्तर बिछाकर देवकृष्ण सोता था.
जीजा से प्यार, 3 बच्चों की दीदी का उजड़ा परिवार
जांच में सामने आया है कि प्रियंका को किसी और से नहीं बल्कि अपने जीजा कमलेश परिहार से प्यार है. कमलेश भी साली प्रियंका से बेइंतहा प्यार करता है. प्रियंका अपनी चचेरी बहन के पति से साल 2017 में संपर्क में आई. इस दौरान प्रियंका नाबालिग थी और उसकी शादी (2015 में) हो चुकी थी. नाबालिग होने के कारण उसे ससुराल नहीं भेजा गया था. परिवार बालिग होने का इंतजार कर रहा था. इधर प्रियंका कब जीजा कमलेश की हो गई किसी को कानो-कान भनक तक नहीं लगी. मायके में रह रही प्रियंका के प्रेम का खेल 3 बच्चों के पिता और राजगढ़ निवासी कमलेश के साथ चलने लगा था.
वो अपने पति देवकृष्ण को फूटी आंख भी पसंद नहीं करती थी. दिल जब कमलेश से लगा था तो देवकृष्ण की हर बात खटकने लगी थी...मसलन उसके कपड़े पहनने का सेंस, प्यार करने का तरीका...वगैरह-वगैरह. वो किसी न किसी बहाने से देवकृष्ण से उलझती रहती थी. कभी ये कहते हुए कि तुम मेरी बेटर चॉइस हो ही नहीं सकते...काले हो..हैंडसम नहीं दिखते. मुझे घुमाने लेकर नहीं जाते..कपड़े अजीबो-गरीब पहनते और दिखते गंदे हो.
MP: सुपारी देकर पति की हत्या करवाने वाली प्रियंका के इस वीडियो ने हड़कंप मचा दिया
2020 में खुली प्रेम कहानी की पोल
साल 2020 में प्रियंका के मायके में शादी थी. देवकृष्ण की बहन ज्योति ने बताया कि पूरे परिवार को वहां न्यौता था. सभी पहुंचे तो प्रियंका और कमलेश के बीच कुछ तो है जैसी बातें देखीं गईं. कहते हैं न...''खैर..खून...खांसी..खुशी...बैर...प्रीत...मद्यपान...ये सब छुपाए ना छुपे, जाने सकल जहान.'' हुआ भी ऐसा ही. प्रियंका की प्रेम कहानी की चर्चा अब पति देवकृष्ण के घर होने लगी. प्रियंका पर ननद ज्योति नजर रखने लगी जो उसे लगातार नागवार गुजरने लगी. झगड़े होने लगे. वो विवाद करके अक्सर मायके जाने लगी.
ससुराल में भी मिलने आता था कमलेश
ज्योति ने बताया कि जब प्रियंका ससुराल में होती तो कमलेश गांव में घूमता रहता. प्रियंका के इशारे पर वो घर के पास आता था और खिड़की से एक दूसरे को देखते थे. उसी वक्त दोनों फोन पर बातें करते थे. इस बार प्रियंका मायके गई तो पति देवकृष्ण का फुल एंड फाइनल करने के लिए कमलेश के साथ बैठकर प्लानिंग की. योजना के तहत कमलेश की हत्या सुपारी किलर से करानी थी. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि कमलेश ने योजना के तहत अपने जानकार सुरेंद्र को तैयार भी कर लिया. सुपारी का एडवांस यानी 50 हजार रुपए भुगतान कर दिया गया. डेट और टाइम फिक्स हो गया.
कहानी में ड्रामा रचा गया
हत्या और लूट की कहानी कैसे सच लगे इसके लिए ड्रामा रचा गया. इसके तहत तय हुआ कि सुरेंद्र 6 और 7 अप्रैल यानी सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात पहुंचेगा. वो तब आएगा जब पूरा परिवार गहरी नींद की आगोश में होगा. प्रियंका दरवाजा खुला रखेगी. सुरेंद्र घर में एंट्री लेगा और प्रियंका बताएगी कि पति कहां सोया है. सुरेंद्र उसका काम तमाम कर उसे दूसरे कमरे में ले जाकर हाथ-पांव बांध देगा. प्लान के मुताबिक सुरेंद्र के भाग जाने के बाद प्रियंका को शोर मचाना था. इससे पहले सुरेंद्र और प्रियंका का साथ मिलकर घर की आलमारी खोलना...सामान बिखराना और 3 लाख के जेवर 50 हजार कैश छुपाना था. जेवर और कैश प्रियंका को ही छुपाना था ताकि किसी को भनक न लगे.
आरोप है कि जैसी प्लानिंग थी वैसे ही हुआ. प्रियंका हत्या के काफी देर बाद चिल्लाई और घर वाले पहुंचे. देवकृष्ण को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. देव के सिर में 12 इंच गहरा छेद था. किसी धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि सुरेंद्र फरार है. कमलेश की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी और 3 बच्चों की दुनिया भी हिल चुकी है.
ड्रामा में प्रियंका ने बखूबी निभाया किरदार
प्रियंका दहाड़े मारकर रोने लगी और घर वालों को आपबीती बताने लगी. घर वाले जवान बहू के विधवा होने और बेटे को खोने के गम में डूब गए. रिश्तेदार प्रियंका को ढाढस बंधा रहे थे, पर उन्हें क्या पता था कि मृत पति के शव पर आंसू बहाने वाली प्रियंका ही इस हत्याकांड की सूत्रधार निकलेगी?
हत्या के वक्त कमलेश भी था?
सवाल ये है कि सुरेंद्र अकेले घर में दाखिल हुआ था कि हत्या के वक्त कमलेश भी था? मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों की मानें तो मौके से कुछ ऐसी वस्तुएं मिली हैं जो ये बताती हैं कि वहां फिजिकल रिलेशन बने हैं. इसी आधार पर कमलेश के मौके पर मौजूद होने की आंशका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस के आला अधिकारी इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे.
ADVERTISEMENT


