मध्य प्रदेश के धार जिले का देवकृष्ण हत्याकांड अब एक ऐसी मोड़ पर पहुंच गया है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. इस पूरे कत्ल की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि मृतक की पत्नी प्रियंका ही निकली. पुलिस रिमांड में आरोपी प्रेमी कमलेश ने जो राज उगले हैं, उन्होंने जांच अधिकारियों को भी सन्न कर दिया है. प्रियंका के प्रेमी और जीजा कमलेश योजना से लेकर हत्या तक की पूरी कहानी बताई है. इधर प्रियंका ने देवकृष्ण को लेकर अपना दर्द बयां किया है.
ADVERTISEMENT
अपाहिज बनाना था मकसद, फिर बदल गया प्लान
जेल जाने से पहले आरोपी प्रेमी कमलेश ने बताया कि उनकी शुरुआती योजना हत्या की नहीं थी. वे सिर्फ देवकृष्ण के हाथ-पैर तोड़कर उसे उम्र भर के लिए अपाहिज बना देना चाहते थे, ताकि वह प्रियंका के रास्ते से हट जाए, लेकिन बाद में उन्हें डर लगा कि अगर देवकृष्ण बच गया तो वह प्रियंका की जिंदगी और मुश्किल कर देगा. इसी डर के चलते उन्होंने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला किया.
"₹10 के लिए भी सास से पूछना पड़ता था"
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से नफरत क्यों करती थी. उसने आरोप लगाया कि उसका पति 'मां का गुलाम' था और उसे 10 रुपए के लिए भी अपनी सास के सामने हाथ फैलाने पड़ते थे. प्रियंका के मुताबिक, प्रेमी कमलेश के पास पैसे कम थे, लेकिन उसने उसे वह 'प्यार और सम्मान' दिया जो पति नहीं दे सका. इसी अंधे प्यार ने एक हंसते-खेलते घर को श्मशान बना दिया.
बलात्कार की झूठी कहानी और फटे हुए कपड़े
पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रियंका ने शातिर चाल चली थी. उसने खुद अपना गाउन फाड़ लिया ताकि वह 'गैंगरेप' और 'डकैती' की झूठी कहानी सुना सके, लेकिन फरार शूटर सुरेंद्र भाटी ने उसे रोक दिया. सुरेंद्र को डर था कि अगर बलात्कार का आरोप लगाया गया तो मेडिकल टेस्ट होगा और उनका झूठ पकड़ा जाएगा. इसी डर की वजह से उन्होंने अपनी थ्योरी बदल दी और इसे सिर्फ लूट की घटना बताया.
बाल विवाह और जीजा से इश्क की दास्तान
जांच में यह भी सामने आया कि यह मामला केवल अवैध संबंधों का नहीं, बल्कि बेमेल और बाल विवाह का भी है. प्रियंका और देवकृष्ण की शादी तब हुई थी जब वे नाबालिग थे. प्रियंका को अपने ही दूर के जीजा कमलेश से सालों से प्रेम था. जब प्रियंका बालिग हुई और उसे ससुराल भेजा गया, तो वह अपने पति को स्वीकार नहीं कर पा रही थी. यही असहमति धीरे-धीरे खूनी साजिश में बदल गई.
फरार शूटर की तलाश तेज
फिलहाल मास्टरमाइंड प्रियंका और उसका प्रेमी कमलेश सलाखों के पीछे हैं. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें फरार शूटर सुरेंद्र भाटी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं. उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड की बाकी कड़ियां भी पूरी तरह साफ हो जाएंगी.
इनपुट: छोटू शास्त्री
ADVERTISEMENT


