Jabalpur bargi dam accident news: जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है. न्यायिक जांच के बीच सामने आए एक पत्र ने मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खुलासे के मुताबिक, मैकल रिसॉर्ट ने हादसे से पहले पर्यटन विभाग को चार बार लिखित चेतावनी दी थी कि क्रूज का इंजन ठीक से काम नहीं कर रहा है और यह कभी भी बंद हो सकता है.
ADVERTISEMENT
अधिकारियों ने नजरअंदाज की चेतावनी
सामने आए दस्तावेजों के अनुसार, पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक को पहला पत्र 16 अप्रैल 2025 को लिखा गया था, जिसमें इंजन बदलने की सिफारिश की गई थी. इसके बाद 11 अगस्त 2025 और 17 नवंबर 2025 को भी रिमाइंडर भेजे गए.
हद तो तब हो गई जब 1 मार्च 2026 को अंतिम पत्र लिखकर स्पष्ट कहा गया कि क्रूज संचालन योग्य नहीं है और आपात स्थिति में इसका इंजन कभी भी बंद हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है. पत्र में यह भी जिक्र था कि तेज हवाओं के दौरान अक्सर क्रूज को स्पीड बोट के जरिए खींचकर किनारे लाना पड़ता है.
13 मौतों का जिम्मेदार कौन?
यदि पर्यटन विभाग के उच्च अधिकारियों ने इन लेटर्स पर संज्ञान लिया होता और समय रहते इंजन बदलवा दिया होता या संचालन रोक दिया होता, तो 13 बेगुनाह लोगों की जान बचाई जा सकती थी. विभाग की इसी कथित लापरवाही ने 30 अप्रैल की शाम को एक बड़े हादसे की शक्ल ले ली और 28 लोगों की जान खतरे में डाल दी.
बरगी डैम में कब क्या हुआ था?
- तारीख: 30 अप्रैल 2026 की शाम.
- स्थान: बरगी बांध (जबलपुर), मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का क्रूज.
- क्या हुआ था: क्रूज पर कुल 41 यात्री सवार थे. शाम के समय अचानक आए तेज तूफान और ऊंची लहरों के बीच क्रूज का इंजन बंद हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया.
- हताहत: इस हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 28 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बचाया गया.
- वर्तमान स्थिति: मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज संजय द्विवेदी मामले की जांच कर रहे हैं.
मैकल रिसॉर्ट क्या है?
मैकल रिसॉर्ट (Maikal Resort) मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध (Bargi Dam) के किनारे स्थित एक रिसॉर्ट है. यह मुख्य रूप से अपनी लोकेशन और वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज के लिए जाना जाता है. यह रिसॉर्ट सीधे तौर पर मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) द्वारा संचालित किया जाता है. मैकल रिसॉर्ट केवल एक ठहरने की जगह नहीं है, बल्कि यह बरगी बांध में होने वाली सभी प्रमुख गतिविधियों का संचालन केंद्र भी है. यहां पर्यटकों के लिए बड़े क्रूज संचालित किए जाते हैं. इसके अलावा स्पीड बोट और पैडल बोट भी उपलब्ध हैं. मछली पकड़ने और बर्ड वॉचिंग के लिए भी लोग यहां आते हैं.
लोकेशन
यह जबलपुर शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर है और नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध के बिल्कुल मुहाने पर स्थित है. यहां ठहरने के लिए एसी कमरे, सुइट और यहां तक कि हाउस बोट की सुविधा भी उपलब्ध है.
हालिया चर्चा का कारण
बरगी बांध में हुए 30 अप्रैल 2026 के क्रूज हादसे के बाद यह रिसॉर्ट और यहां का प्रबंधन सुर्खियों में है. जैसा कि हालिया खुलासे में सामने आया है, इसी रिसॉर्ट के प्रबंधन ने कई बार लिखित में पर्यटन विभाग को चेतावनी दी थी कि यहां चलने वाले क्रूज के इंजन खराब हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
ADVERTISEMENT


