Siya Goyal Parents reaction: पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल के मर्डर मामले में अब आरोपी सिया गोयल के मां और पिता ने 'आज तक' के कई सवालों का जवाब दिया है. इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कहीं न कहीं ये बातें भी चर्चा में थी कि मां-पिता को बच्चों की मर्जी के खिलाफ शादी नहीं करनी चाहिए. ऐसे में सिया के मां-पिता ने इस रिश्ते के तय होने से लेकर बेटी की मंजूरी मिलने तक की पूरी कहानी बयां कर की है.
ADVERTISEMENT
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने बताया कि गोवा में एक शादी का फंक्शन था. वहां सिया अपने मां-पिता और दूसरे रिश्तेदारों के साथ गई थी. वहीं केतन अग्रवाल के पिता अमन अग्रवाल भी थे. उन्होंने सिया के बड़े पिता से पूछा कि ये किसकी बेटी है ? उन्होंने कहा कि प्रवीण की बेटी है. फिर अमन अग्रवाल ने पूछा- ये लोग इसकी शादी करेंगे? तो वे बोले कि नहीं अभी तो ये महज 19 साल की है. अभी तो इसके बड़े भाई की शादी करनी है. उसके बाद इसका देखेंगे.
दूसरी बार कर्जत में फिर मिले केतन के पिता
प्रवीण गोयल ने बताया कि कुछ दिनों के बाद कर्जत में फिर एक शादी समारोह में पूरा परिवार रिश्तेदारों के साथ गया था. वहां भी अमन अग्रवाल आए थे. उस शादी में प्रवीण गोयल की बहन रेणु मित्तल और जीजा नरेंद्र मित्तल भी थे. शादी के बाद परिवार पूणे वापस आ गया तब प्रवीण गोयल की बहन रेणु का फोन आया. उन्होंने अमन अग्रवाल के बेटे से शादी की जिक्र किया. बकौल प्रवीण गोयल जब उन्होंने बेटे की शादी पहले करने और सिया के कम उम्र का हवाला दिया तो उनकी बहन ने कहा कि शादी अच्छी है. ऐसी शादी रोज-रोज नहीं आती. लड़का भी अच्छा है.
जब मां ने सिया से पूछा- तुम्हे केतन पसंद है?
इधर जब मां पूजा गोयल ने सिया से पूछा कि बेटा तुम्हे केतन पसंद है. तुम्हे इस रिश्ते से कोई ऐतराज तो नहीं है. पूजा गोयल ने बताया कि उन्होंने ये भी पूछा कि कोई और अच्छा लग रहा हो या किसी और के साथ रिलेशन में हो तो बता दो. तब सिया ने इन सब बातों को नकारते हुए कहा था केतन पसंद है और उसे ये शादी करनी है.
तो क्या सिया की मां को चेतन के बारे नहीं पता था ?
सवाल ये है कि सिया के चेतन चौधरी के साथ रिश्ते के बारे में उसके परिवार के किसी सदस्य को नहीं पता था. इस सवाल के जवाब पर सिया के पिता ने बताया कि उन्हें इसकी बिल्कुल भनक नहीं थी और उन्होंने चेतन को कभी देखा तक नहीं था. वहीं मां पूजा ने बताया कि उन दोनों की मुलाकात एक मैच के दौरान हुई थी. वे बस इतना जानती थीं कि दोनों फ्रेंड हैं. दोनों के बीच रिलेशन है इस बात से सिया की मां भी वाकिफ नहीं थीं.
तो क्या केतन और सिया के बीच कुछ गड़बड़ हो गई ?
अब सवाल ये है कि क्या केतन और सिया के बीच सबकुछ ठीक चल रहा था ? सोशल मीडिया में सिया की पोस्ट से तो ऐसा लग रहा था कि वो इस रिश्ते से काफी खुश है. इसपर सिया की मां ने बताया कि दोनों काफी खुश थे. खुशी-खुशी एक दूसरे से मिलते थे. फोन पर बातें करते थे. कोई झगड़ा नहीं था. दोनों में प्यार दिखता था.
क्या है ये पूरा मामला ?
पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून 2026 को महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले से गिरकर मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया. माना गया कि पैर फिसलने से वे गिरे और मौत हो गई, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित तौर पर हत्या का निकला. मामले में जब पुलिस ने सिया से घटनाक्रम की जानकारी ली तो बयानों में हेर-फेर से मामला संदिग्ध लगा. फिर पुलिस ने सिया के कॉल डिटेल्स खंगाले तो चेतन चौधरी के साथ कनेक्शन मिला. मामले में केतन की बहन को शुरूआत से ही शक था. उसने सिया से बात की और बयानों के हेर-फेर को परिवार से बताया. परिवार ने पुलिस को जानकारी दी. तब जाकर सिया और चेतन चौधरी का रिलेशन सामने आया. लोहागढ़ के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए जहां 33 डिग्री तापमान में भी एक युवक हुडी पहने चेहरा छुपाते हुए नजर आया. बताया गया कि ये चेतन चौधरी था जो घटना के वक्त वहां मौजूद था.
ADVERTISEMENT


