मध्य प्रदेश: शिवलिंग पर सिर रगड़ता दिखा बाघ, वायरल होने लगा शाहडार जंगल का हैरान करने वाला वीडियो
Madhya Pradesh Viral Video: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के शाहडार जंगल में एक बाघ का शिवलिंग पर सिर रगड़ते हुए वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वन विभाग ने इसे जानवर का सामान्य व्यवहार बताया है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है.

MP Viral Video: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने लोगों को हैरान भी किया है और सोचने पर भी मजबूर कर दिया है. मामला ढीमरखेड़ा तहसील के शाहडार गांव के पास स्थित जंगल का है, जहां एक बाघ भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के पास अजीब तरह का व्यवहार करता नजर आया.
बताया जा रहा है कि यह घटना बीते बुधवार देर शाम की है. शाहडार के नजदीक जंगल में महादेव का एक प्राचीन शिवलिंग स्थापित है. वायरल हो रहे वीडियो में दिखता है कि बाघ बेहद शांत अंदाज में शिवलिंग के पास पहुंचता है और कुछ देर तक उस पर अपना सिर और जीभ रगड़ता रहता है. यह पूरा दृश्य किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
आम बात है तेंदुए की मौजूदगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाहडार के जंगलों में बाघ और तेंदुए की मौजूदगी आम बात है. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. हालांकि, गांव से महज करीब 400 मीटर की दूरी पर इस तरह का नजारा सामने आना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें...
कुछ लोग इस घटना को आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और इसे चमत्कार जैसा मान रहे हैं. वहीं वन अधिकारियों का कहना है कि जंगली जानवर अक्सर अपनी गंध छोड़ने या शरीर की खुजली मिटाने के लिए पत्थरों या ठोस सतहों पर सिर रगड़ते हैं. यह उनका सामान्य व्यवहार हो सकता है.
लगातार हो रही है क्षेत्र की निगरानी
इस मामले में क्षेत्रीय रेंजर अजय मिश्रा ने बताया कि गश्ती दल लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है. ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.










