जींद विवाद: मासूम शर्मा की बढ़ी मुश्किलें, दोस्त ने मांगी माफी लेकिन सरपंचों ने दी महापंचायत की चेतावनी

जींद में एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के बीच मंच खाली कराने को लेकर विवाद हो गया. सिंगर के दोस्त मुकेश जाजी ने माफी मांगते हुए इसे गलतफहमी बताया है, वहीं सरपंच एसोसिएशन ने मासूम शर्मा के बहिष्कार का ऐलान कर महापंचायत की चेतावनी दी है.

Masoom Sharma Controversy
Masoom Sharma Controversy
social share
google news

मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. जींद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के साथ हुई उनकी बहस के बाद मामला गरमा गया है. इस पूरे मामले पर मासूम शर्मा के करीबी दोस्त और कलाकार मुकेश जाजी ने वीडियो जारी कर सफाई दी है और सिंगर की ओर से माफी भी मांगी है.

मंच पर आखिर क्या हुआ था?

मुकेश जाजी ने बताया कि कार्यक्रम पत्रकार धर्मू और कविता की सिल्वर जुबली के मौके पर रखा गया था. मासूम शर्मा भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे. मंच पर काफी भीड़ थी, जिससे मासूम को परफॉर्मेंस देने में दिक्कत हो रही थी. मुकेश के मुताबिक, "कलाकार को अपने साजिंदों के साथ तालमेल बिठाने के लिए जगह चाहिए होती है. मासूम ने प्यार से मंच खाली करने को कहा था, लेकिन नीचे खड़े कुछ लोगों ने मामला भड़का दिया. उन्हें नहीं पता था कि मंच पर सरपंच जी खड़े हैं."

वायरल वीडियो देखें
 

यह भी पढ़ें...

जल्द गुस्सा होना पड़ा भारी!

मुकेश ने स्वीकार किया कि मासूम शर्मा स्वभाव से थोड़े भावुक हैं और जल्दी गुस्से (हाइपर) में आ जाते हैं. उन्होंने कहा कि सरपंच जी का कोई दोष नहीं था, यह सब समय और गलतफहमी का नतीजा था. मुकेश ने सार्वजनिक रूप से सरपंच राजेंद्र शर्मा से माफी मांगते हुए कहा कि मासूम को उस लहजे में बात नहीं करनी चाहिए थी.

बहिष्कार और महापंचायत की चेतावनी

अब भले ही सिंगर के पक्ष से सफाई आ गई हो लेकिन सरपंचों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है. हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश प्रभारी हेमंत बैजलपुरिया ने मासूम शर्मा के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कलाकार बनने का मतलब यह नहीं कि आप किसी का सम्मान करना भूल जाएं.

वहीं, पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर मासूम शर्मा उनके गांव आकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो वे जल्द ही एक बड़ी महापंचायत बुलाएंगे. झज्जर समेत कई जिलों के सरपंचों ने भी इस विरोध को समर्थन देने की घोषणा की है. अब देखना यह होगा कि मासूम शर्मा खुद सामने आकर इस विवाद को शांत करते हैं या यह मामला और तूल पकड़ेगा.

 

    follow on google news