IPS सिमला प्रसाद कौन हैं जिन्हें एक में मिला लीड रोल, 'द नर्मदा स्टोरी' से दिखेंगी बड़े पर्दे पर
न्यूज तक डेस्क
19 May 2026 (अपडेटेड: May 19 2026 1:27 PM)
IPS सिमाला प्रसाद बिना किसी कोचिंग के अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बनीं. वह न केवल भोपाल में डीआईजी के पद पर तैनात हैं, बल्क द नर्मदा स्टोरी' जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाकर बॉलीवुड में भी अपना दमखम दिखा रही हैं.
ADVERTISEMENT


1/7
|
अक्सर हम फिल्मों में पुलिसवालों को सिंघम या दबंग अवतार में अपराधियों के छक्के छुड़ाते हुए देखते हैं. लेकिन क्या आप एक ऐसी रीयल-लाइफ लेडी सिंघम से मिले हैं जो असल जिंदगी में तो IPS अफसर हैं ही, साथ ही फिल्मी पर्दे पर भी लीड रोल निभाकर अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रही हैं? हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डीआईजी (DIG) के पद पर तैनात सिमाला प्रसाद की.


2/7
|
सिमाला जल्द ही बड़े पर्दे पर क्राइम थ्रिलर फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आने वाली हैं. जहां वह एक सब-इंस्पेक्टर का दमदार किरदार अदा कर रही हैं. यह फिल्म एमपी के बैकड्रॉप पर बनी है, जो न्याय के लिए लड़ती एक आदिवासी महिला के संघर्ष की कहानी बयां करती है.
ADVERTISEMENT


3/7
|
सिमाला प्रसाद का फिल्मों से नाता नया नहीं है, बल्कि वह साल 2016 में ही फिल्म 'अलिफ' के जरिए अपना बॉलीवुड डेब्यू कर चुकी हैं. इसके बाद साल 2019 में आई फिल्म 'नक्काश' में भी उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने एक्टिंग की कोई प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली है. कॉलेज के दिनों में भोपाल में किए गए थोड़े-बहुत थिएटर के अनुभव और अपने नेचुरल टैलेंट के दम पर ही वह कैमरे के सामने कमाल कर जाती हैं. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग और डांसिंग का बेहद शौक रहा है, जिसके चलते वह स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हमेशा आगे रहती थीं.


4/7
|
ग्लैमर की इस दुनिया में सिमाला की एंट्री की कहानी भी काफी मजेदार है. 'द नर्मदा स्टोरी' के डायरेक्टर जैगम इमाम की मुलाकात दिल्ली में सिमाला की मां से हुई थी. उसी दौरान डायरेक्टर ने सिमाला को अपनी फिल्म अलिफ में एक छोटा सा रोल ऑफर किया. बिना किसी पूर्व अनुभव के भी सिमाला इस चुनौती के लिए तैयार हो गईं. इसके बाद जैगम इमाम ने उन्हें अपनी अगली फिल्म 'नक्काश' में भी मौका दिया, जहां उन्हें शारिब हाशमी, कुमुद मिश्रा और इनामुलहक जैसे मंझे हुए कलाकारों के साथ काम करके एक्टिंग की बारीकियों को सीखने का मौका मिला. अब अपनी नई फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' में वह रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी और अंजलि पाटिल जैसे दिग्गज स्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं.
ADVERTISEMENT


5/7
|
अगर सिमाला प्रसाद के पारिवारिक बैकग्राउंड पर नजर डालें, तो उनका नाता एक बेहद प्रतिष्ठित और संभ्रांत परिवार से है. भोपाल में जन्मी सिमाला के पिता डॉ. भागीरथ प्रसाद 1975 बैच के सीनियर आईएएस (IAS) अफसर रह चुके हैं, जिन्होंने बाद में राजनीति में कदम रखा और सांसद भी बने. इतना ही नहीं, वह दो विश्वविद्यालयों के कुलपति (VC) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. वहीं, सिमाला की मां मेहरुन्निसा परवेज देश की एक जानी-मानी साहित्यकार हैं, जिन्हें साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए साल 2005 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक 'पद्म श्री' से नवाजा जा चुका है.


6/7
|
इतने ऊंचे रसूख वाले परिवार से आने के बावजूद सिमाला ने अपनी पहचान खुद अपने दम पर बनाई है. पढ़ाई-लिखाई में हमेशा अव्वल रहने वाली सिमाला ने कॉमर्स से ग्रेजुएशन करने के बाद सोशियोलॉजी (समाजशास्त्र) में पोस्ट ग्रेजुएशन (मास्टर्स) की डिग्री हासिल की. कॉलेज की पढ़ाई पूरी होते ही उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा क्रैक की और डीएसपी (DSP) के पद पर चुनी गईं. लेकिन उनका सपना इससे भी बड़ा था, इसलिए उन्होंने पुलिस की नौकरी की व्यस्त दिनचर्या के बीच अपनी तैयारी जारी रखी.
ADVERTISEMENT


7/7
|
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि डीएसपी के पद पर तैनात रहते हुए सिमाला प्रसाद ने बिना किसी कोचिंग का सहारा लिए, खुद की मेहनत से पहले ही प्रयास में देश की सबसे कठिन UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली. साल 2011 बैच की इस जांबाज अधिकारी ने देशभर में 51वीं रैंक हासिल कर IPS बनने का गौरव प्राप्त किया. आज वह एक तरफ जहां खाकी वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभाल रही हैं और अपराधियों के मन में खौफ पैदा कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ बड़े पर्दे पर अपनी कला का रंग बिखेरकर लाखों युवाओं के लिए एक रोल मॉडल बन चुकी हैं.
ADVERTISEMENT












