Gold Rate Today: सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, रिकॉर्ड हाई से चांदी 1.83 लाख रुपये टूटी, सोना भी फिसला, देखें आज के भाव
Gold Silver Rate Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची हलचल की वजह से भारतीय बाजार (MCX) में सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है. चांदी तो अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.83 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है.

Gold Silver Rate Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार से शुरू हुई तेज बिकवाली का असर भारतीय कमोडिटी बाजार पर भी दिखा है. गुरुवार देर रात मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. सोना करीब 6,500 रुपये तक टूट गया, जबकि चांदी में लगभग 26,000 रुपये की तेज गिरावट देखने को मिली. चांदी तो अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.83 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है.
बाजार में क्यों आया यह तूफान?
सोने और चांदी की कीमतों में इस अचानक गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका से आई आर्थिक रिपोर्ट है. अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े सामने आने के बाद निवेशकों को लगा कि ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद फिलहाल कम है. इस वजह से ग्लोबल मार्केट में बड़े निवेशकों ने भारी बिकवाली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा.
एमसीएक्स पर क्या रहे दाम
गुरुवार को कारोबार बंद होने तक अप्रैल वायदा में सोना 6,455 रुपये या 4.07% गिरकर 1,52,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. वहीं मार्च वायदा में चांदी 25,882 रुपये या 9.84% टूटकर 2,37,136 रुपये प्रति किलो पर आ गई.
यह भी पढ़ें...
रिकॉर्ड हाई से कितनी सस्ती हुई धातुएं?
29 जनवरी को चांदी का रिकॉर्ड स्तर 4.20 लाख रुपये प्रति किलो था, जो अब घटकर 2.37 लाख रुपये रह गया है. यानी करीब 1.83 लाख रुपये की गिरावट. सोने का रिकॉर्ड हाई 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, मौजूदा स्तर उससे करीब 41 हजार रुपये नीचे है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में आई यह गिरावट एक 'करेक्शन' है. हालांकि शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.
(नोट: किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने बाजार विशेषज्ञों या वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)










