वायरल रील ने रातों-रात बनाया 'डोटासरा का हमशक्ल', अब VIP ट्रीटमेंट से परेशान हैं कैटरिंग कारोबारी नरेश सिंधी
Govind Singh Dotasra Duplicate: राजस्थान में एक वायरल रील ने कैटरिंग कारोबारी नरेश सिंधी को रातों-रात सुर्खियों में ला दिया, क्योंकि उनका चेहरा गोविंद सिंह डोटासरा से हूबहू मिलता है. जयपुर में मुलाकात के बाद 'डोटासरा के हमशक्ल' के रूप में चर्चित नरेश अब वीआईपी ट्रीटमेंट और लगातार सेल्फी की मांग से परेशान हैं. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.

सोशल मीडिया की दुनिया भी बड़ी अजीब है, यहां कब कौन फर्श से अर्श पर पहुंच जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. राजस्थान में इन दिनों एक शख्स की चर्चा हर जुबान पर है, जिसका चेहरा हूबहू राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलता है. यह शख्स हैं नरेश सिंधी, जिनकी एक रील ने उनकी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी है. जहां पहले उन्हें कोई जानता नहीं था, वहीं आज उन्हें देखते ही लोग 'डोटासरा साहब आ गए' कहकर घेर लेते हैं.
एक शादी की रील ने बनाया 'स्टार'
नरेश सिंधी की कहानी एक शादी समारोह से शुरू हुई. वह वहां बैठकर आराम से खाना खा रहे थे, तभी किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया क्योंकि नरेश सिंधी का चेहरा, कद-काठी और अंदाज बिल्कुल गोविंद सिंह डोटासरा जैसा है. रील लाखों लोगों तक पहुंची और नरेश सिंधी रातों-रात 'डुप्लीकेट डोटासरा' के रूप में मशहूर हो गए.
काम-काज छोड़कर सेल्फी देने को मजबूर
सुनने में यह वीआईपी ट्रीटमेंट मजेदार लग सकता है, लेकिन नरेश सिंधी के लिए यह मुसीबत बन गया है. पेशे से नरेश सिंधी कैटरिंग का काम करते हैं और एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव भी हैं. सुबह से शाम तक मेहनत करने वाले नरेश अब अपने काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं. वह कहते हैं, 'अब घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. लोग देखते ही घेर लेते हैं, कोई फोटो खिंचवाना चाहता है तो कोई हाथ मिलाना चाहता है. दुकान और मीटिंग्स में जाने के बजाय अब सारा समय भीड़ को संभालने में निकल जाता है.'
यह भी पढ़ें...
डोटासरा से मुलाकात और 'चुनाव' का मजाक
जब मामला ज्यादा चर्चा में आया, तो नरेश सिंधी खुद जयपुर पहुंचे और असली गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की. डोटासरा भी अपने हमशक्ल को देखकर हैरान रह गए और उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'यह मेरा धर्म का भाई है.' डोटासरा ने यहां तक कह दिया कि वह इसे चुनाव भी लड़ा सकते हैं और अपने चुनाव प्रचार में भी काम में लेंगे. डोटासरा के साथ मुलाकात के बाद नरेश सिंधी ने उन्हीं के स्टाइल में गमछा डांस भी किया, जिसके बाद लोग और भी ज्यादा कन्फ्यूज हो गए.
सोशल मीडिया का 'साइड इफेक्ट'
नरेश सिंधी आज सोशल मीडिया की ताकत का जीता-जागता उदाहरण हैं, जिसने एक आम आदमी को स्टार बना दिया. लेकिन इस स्टारडम ने उनकी निजी जिंदगी और काम को पीछे छोड़ दिया है. जो नरेश पहले ऑर्डर और सप्लाई की चिंता करते थे, आज उन्हें इस बात की चिंता सताती है कि बिना भीड़ के बाजार कैसे जाएं. नरेश सिंधी की यह कहानी दिखाती है कि हर वायरल वीडियो सिर्फ खुशी ही नहीं लाता, बल्कि कभी-कभी आपकी साधारण जिंदगी को भी छीन लेता है.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: कौन हैं राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा का 'डुप्लीकेट'? जानें इनकी इतनी क्यों हो रही चर्चा










