रिकॉर्ड हाई से सोना ₹33,000 तो चांदी ₹1.62 लाख हुई सस्ती, जंग के बीच गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में बड़ा उलटफेर

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईरान द्वारा होमुर्ज जलमार्ग बंद किए जाने से वैश्विक बाजारों में हलचल है. कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं, लेकिन एमसीएक्स पर सोना और चांदी के दाम गिर गए.

Gold Silver Price Update
Gold Silver Price Update
social share
google news

Gold-Silver Price: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में अस्थिरता देखने को मिल रही है. ईरान से जुड़े युद्ध को छह दिन हो चुके हैं और इसका असर ऊर्जा बाजार से लेकर कमोडिटी बाजार तक दिखाई दे रहा है. इसी बीच सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है.

ईरान युद्ध से बढ़ा वैश्विक तनाव

मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष ने दुनिया भर के बाजारों को प्रभावित किया है. ईरान द्वारा होमुर्ज जलमार्ग बंद किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है. यह वही समुद्री मार्ग है, जहां से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और ऊर्जा की सप्लाई गुजरती है.

इस घटनाक्रम के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला और इसका भाव बढ़कर करीब 85 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तनाव लंबा खिंचता है तो ऊर्जा बाजार में और तेजी आ सकती है.

यह भी पढ़ें...

MCX पर सोना-चांदी के भाव गिरे

वैश्विक तनाव के बावजूद घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में गुरुवार को अप्रैल वायदा के लिए सोने की कीमत करीब 1000 रुपये घटकर लगभग 1.60 लाख रुपये के आसपास पहुंच गई.

वहीं चांदी के मार्च वायदा में भी तेज गिरावट देखने को मिली. एक किलो चांदी का भाव करीब 7,500 रुपये टूटकर लगभग 2.58 लाख रुपये तक आ गया. हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी भी देखने को मिली.

क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि युद्ध शुरू होने से पहले ही सोना और चांदी की कीमतों में काफी तेजी आ चुकी थी. युद्ध के शुरुआती दिनों में भी इनकी कीमतों में उछाल देखा गया था.

लेकिन अब कई निवेशक मुनाफा बुक कर रहे हैं और कैश पोजिशन मजबूत करने के लिए इन धातुओं में बिकवाली कर रहे हैं. इसी कारण कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उतार-चढ़ाव

वैश्विक बाजार में भी सोना और चांदी के दाम में अस्थिरता बनी हुई है. चांदी का स्पॉट प्राइस करीब 85 डॉलर से घटकर लगभग 83 डॉलर पर आ गया है. 3 मार्च को आई तेज बढ़त के बाद इसमें करीब 15 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी, हालांकि फिलहाल बाजार में थोड़ी रिकवरी के संकेत हैं.

इसी तरह सोने की कीमत भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5,626.80 डॉलर से गिरकर लगभग 5,200 डॉलर के आसपास कारोबार करती दिखाई दे रही है.

रिकॉर्ड हाई से अभी भी काफी सस्ता

अगर रिकॉर्ड स्तर की बात करें तो सोने और चांदी दोनों की कीमतें अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे चल रही हैं. एमसीएक्स पर सोने का रिकॉर्ड स्तर करीब 1.93 लाख रुपये रहा है, जबकि चांदी का रिकॉर्ड भाव लगभग 4.20 लाख रुपये तक पहुंच चुका है.

इस हिसाब से फिलहाल सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 33 हजार रुपये सस्ता है, जबकि चांदी करीब 1.62 लाख रुपये तक नीचे आ चुकी है.

गोल्ड-सिल्वर ETF में भी गिरावट

सोना-चांदी की कीमतों में कमजोरी का असर इनके एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) पर भी दिखाई दिया है. बुधवार को गोल्ड ETF करीब 4 प्रतिशत तक गिर गया था, जबकि सिल्वर ETF में लगभग 8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

गुरुवार को भी गोल्ड ETF में करीब 2 प्रतिशत और सिल्वर ETF में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट देखी गई.

निवेश से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूरी

बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच विशेषज्ञ निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं. उनका कहना है कि किसी भी तरह का निवेश करने से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लेना जरूरी है.

    follow on google news