जैसलमेर: पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई 35 करोड़ की हेरोइन बरामद, हुए चौंकाने वाले कई खुलासे
राजस्थान के जैसलमेर में सीमापार पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई है. बताया जा रहा है कि पकड़ी गई हेराइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ के करीब आंकी गई है. जयपुर क्राइम ब्रांच ने रविवार रात और सोमवार तड़के अलग-अलग थानों से 4 आरोपियों को पकड़ा है. साथ ही […]

राजस्थान के जैसलमेर में सीमापार पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई है. बताया जा रहा है कि पकड़ी गई हेराइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ के करीब आंकी गई है. जयपुर क्राइम ब्रांच ने रविवार रात और सोमवार तड़के अलग-अलग थानों से 4 आरोपियों को पकड़ा है. साथ ही करीब 9 किलोग्राम हेराइन बरामद की गई है.
क्राइम ब्रांच के एडीजी दिनेश एमएन के दिशानिर्देशन व डीआईजी राहुल प्रकाश के सुपरविजन में एडिशनल एसपी नरोत्तम वर्मा व इंस्पेक्टर रामसिंह की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया.
ड्रोन के जरिए आ रही हेराइन की खेप
प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह सामने आया है कि यह हेरोइन सीमा पार से पाकिस्तान द्वारा ड्रोन के जरिये बाड़मेर जैसलमेर अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के नजदीक गिराई गई है. जहां से हेरोइन तस्करों ने इसे लेकर एक पूरी चेन के जरिए देश के कई भागों में भिजवाने की साजिश रची थी. फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है. इसमें और भी कई गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें...
ऐसे हो रही थी तस्करी
ड्रोन से हेराइन के आने के बाद तस्कर उसे उठाकर उनतक पहुंचाते थे जो देश के अलग-अलग हिस्सों में पूरी चेन को सप्लाई करते थे. हालांकि हेराइन को आगे बॉर्डर से इकट्ठा कर आगे भेजने वालों को तलाश हो रही है. मौके से एक वाहन भी जब्त किया गया है जिसे तस्करी के काम में लिया जाता था.
तस्करों पर रखी जा रही थी निगाहें- एडीजी क्राइम
क्राइम ब्रांच के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. क्राइम ब्रांच को सूचना मिली था कि पाकिस्तान की सीमा से लाई गई हेरोइन को तस्करों के जरिए देश के कई क्षेत्रों में भेजे जाने की कोशिश हो रही है.
इसी हेरोइन की सप्लाई करने वाले तस्करों पर पिछले कुछ समय से लगातार निगाहें रखी जा रही थी. पुख्ता सूचना होने पर टीमें गठित की गई. पुलिस टीम ने जैसलमेर के मोहनगढ़ और कोतवाली थाना क्षेत्र से 9 किलो हेरोइन बरामद की है. इसमें कोतवाली थाना क्षेत्र में जैसलमेर शहर के बाबा बावड़ी इलाके से जोगेन्दर सिंह के मकान से 8 किलो और मोहनगढ़ थाना क्षेत्र से कुल 1 किलो हेरोइन बरामद हुई है. जिनमें 500 ग्राम अमर सिंह भादू के पास से बरामद हुई है. उसकी सूचना पर सुथारमंडी में रहने वाले रामचंद्र विश्नोई के घर से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई.
उन्होंने बताया कि इस हेरोइन की सप्लाई के लिये पूरी चेन बनी हुई है. यह आगे देश के विभिन्न क्षेत्रो में खासकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली आदि इलाकों में सप्लाई होती थी. इस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है कि हेरोइन ड्रोन के जरिये बॉर्डर पर गिराने के बाद कौन प्राप्त करता था और किस तरह आगे से आगे यह सप्लाई होती थी.
प्रारंभिक जांच में सामने आई ये बात
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जैसलमेर के सीमावर्ती म्याजलार क्षेत्र के निवासी माधो सिंह ने करीब 9 किलो की खेप अपने मामा जोगेन्दर सिंह निवासी बडोड़ा को भेजी थी. जोगेन्दर सिंह ने इसे आगे डिस्ट्रीब्यूट करते हुए 500-500 ग्राम हेरोइन अमरलाल व रामचंद निवासी सूरतगढ़ गंगानगर को दी थी. इस तरह जोगेन्दर सिंह इसे देश के कई भागों में भिजवाता था और जिस मुख्य तस्कर ने माधो सिंह को यह खेप दी थी जो भूमिगत हो गया है. उसकी तलाश की जा रही है. ये माल कब आया, किसने कलेक्ट किया यह सब जांच का विषय है. इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना बनी हुई है.










