राजस्थान में गर्मी का 'अर्ली अटैक': बाड़मेर में पारा 35 पार, इस दिन सक्रिय होगा नया विक्षोभ
Rajasthan Weather: राजस्थान में अब गर्मी का असर तेज होने लगा है. बाड़मेर में पारा 35.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि अलवर में सबसे कम 10 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. 1 मार्च को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी.

Rajasthan Weather: राजस्थान में सर्दी की विदाई के साथ अब गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी का यह सिलसिला जारी रहेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है.
1 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 मार्च 2026 को पूरे राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा. चाहे पूर्वी राजस्थान हो या पश्चिमी, दोनों ही क्षेत्रों में फिलहाल बारिश या आंधी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. धूप खिली रहेगी जिससे दिन के तापमान में और भी आंशिक बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है.
प्रमुख जिलों का तापमान: बाड़मेर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4.9 डिग्री अधिक है. वहीं, अलवर में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा.
यह भी पढ़ें...
अन्य प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो
- जयपुर: यहां का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
- पिलानी और जैसलमेर: यहां गर्मी का असर तेज है, जहाँ अधिकतम तापमान क्रमशः 34.3 और 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
- बीकानेर और जोधपुर: इन जिलों में भी पारा 34 डिग्री के पार बना हुआ है. बीकानेर में 34.2 और जोधपुर शहर में 34.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
- अजमेर और कोटा: अजमेर में पारा 32.6 डिग्री और कोटा में 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
- चूरू और फलोदी: इन इलाकों में भी तापमान 34 डिग्री से ऊपर बना हुआ है.
- हिल स्टेशन माउंट आबू: यहां दिन का तापमान 23.3 डिग्री और रात का तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य मैदानी इलाकों की तुलना में काफी कम है.
आगे क्या है संभावना?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क ही रहने की प्रबल संभावना है. हालांकि, 4 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जो राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों को प्रभावित कर सकता है. तब तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि होने के संकेत हैं, जिससे गर्मी का अहसास और बढ़ेगा.










