साबुन-तेल, तौलिया और अंडरवियर तक… BSNL डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे के प्रोटोकॉल पर मचा बवाल, दौरा रद्द
संगम नगरी प्रयागराज में बीएसएनएल डायरेक्टर के आगमन को लेकर जारी हुआ एक प्रोटोकॉल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. इस आदेश में अधिकारियों को डायरेक्टर के व्यक्तिगत सामान जैसे कंघी और अंडरवियर तक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. भारी किरकिरी के बाद अब यह दौरा रद्द कर दिया गया है.

BSNL Director Vivek Banzal Prayagraj: BSNL के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रस्तावित प्रयागराज दौरे के दौरान होने वाली तैयारियों को लेकर दिए गए एक आदेश पर विवाद हो गया है. 25 फरवरी को प्रस्तावित उनके दौरे का आधिकारिक प्रोटोकॉल जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हुआ तो महकमे में खलबली मच गई. इस आदेश में डायरेक्टर के मिनट टू मिनट कार्यक्रम की जानकारी दी गई है. जिसके लिए करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. इसमें सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इसमें डायरेक्टर के अंडरगारमेंट्स का भी ख्याल रखने की जिम्मेदारी लिखित रूप में दी गई थी.
अफसरों को सौंपी गई थी अंडरवियर की जिम्मेदारी
प्रयागराज डीजीएम के19 फरवरी को जारी प्रोटोकॉल के मुताबिक BSNL के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रस्तावित संगम स्नान के दौरान करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है. इसमें ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई थी कि साहब कब कहां रुकेंगे और उन्हें वहां क्या-क्या सुविधाएं दी जाएंगी. इसमें ये भी लिखा गया है कि किस अधिकारी को साबुन, शीशा, कंघी, तौलिया और तेल की व्यवस्था करनी है. यहां तक कि डायरेक्टर के लिए अंडरगारमेंट्स (अंडरवियर) तक का इंतजाम करने की जिम्मेदारी भी एक अधिकारी के नाम के आगे दर्ज थी. जैसे ही ये लिस्ट पब्लिक डोमेन में आई तो वायरल हो गई. साेशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे लेकर तरह तरह के कमेंट करने शुरू कर दिए और विभाग की जमकर किरकिरी हुई.
दौरा रद्द, प्रोटोकॉल निरस्त
सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बाद डायरेक्टर ने फिलहाल अपना प्रयागराज दौरा स्थगित कर दिया है. बीएसएनएल कार्यालय के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि 25 फरवरी को होने वाला यह दौरा अब नहीं होगा और पुराने प्रोटोकॉल को भी रद्द कर दिया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया में प्रसारित इस प्रोटोकॉल की पुष्टि सीधे तो कोई नहीं कर रहा है, लेकिन डायरेक्टर के प्रस्तावित दौरे की बात स्वीकार की जा रही है.










