बिहार के नवगछिया में खून से रंगी होली: तीन दोस्तों को मारी गोली, दो की मौके पर मौत

बिहार के नवगछिया में होली के दौरान गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. तीन दोस्तों पर फायरिंग में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. घायल युवक को पटना रेफर किया गया है.

bihar
bihar
social share
google news

बिहार में जहां एक तरफ लोग होली के रंगों में डूबे थे, वहीं नवगछिया में सरेआम गोलीबारी हुई, बुधवार की रात अपराधियों ने तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस खूनी संघर्ष में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मारे गए युवकों की पहचान गुलशन कुमार और धीरज कुमार के रूप में हुई है. घायल युवक अजेश कुमार है, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. ये तीनों युवक खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के भौरकाठ गांव के रहने वाले थे.

ससुराल से लौटते वक्त हुआ हमला

मृतक गुलशन के भाई मिथलेश मंडल ने बताया कि गुलशन होली के मौके पर अपनी पत्नी को उसके मायके (मोरकहिया, इस्माइलपुर) छोड़ने आया था. इसके बाद तीनों दोस्त अपने किसी रिश्तेदार के घर बोरवा चले गए. गुरुवार शाम 4 बजे वहां से निकलने के बाद वे घर नहीं पहुंचे. रात भर लापता रहने के बाद, घायल अजेश ने खुद फोन कर परिजनों को इस अनहोनी की जानकारी दी.

यह भी पढ़ें...

पुलिस की जांच शुरू, इलाके में दहशत

शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने नवगछिया के तेतरी स्थित कलबलिया धार के पास से दोनों शवों को बरामद किया. घटनास्थल पर जुटी भीड़ और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है. क्या यह कोई पुरानी रंजिश थी या अचानक हुआ विवाद, पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है.

    follow on google news